रांची : सिटी में बकरीद व अंतिम सोमवारी का त्योहार धूमधाम से शांतिपूर्ण व आपसी सौहार्द में मनाया गया। शांतिपूर्ण आयोजन पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती थी। दो त्योहार एक दिन होने के चलते पूरे राज्य में अलर्ट घोषित था। पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों को अतिरिक्त बल भी उपलब्ध करा दिया गया था।

2000 अतिरिक्त बल तैनात

राजधानी रांची में दो हजार से अधिक अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया था। आइआरबी, जैप, एसटीएफ आदि के जवान भी तैनात किए गए थे। शहर के सभी धार्मिक स्थलों, शिवालयों, मस्जिदों आदि में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि कोई असामाजिक तत्व अपने मंसूबों में कामयाब न होने पाएं। सभी संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर पुलिस-प्रशासन ने वहां सुरक्षा का खास इंतजाम कर रखा था। पूर्व में भी पुलिस-प्रशासन की सभी धर्मो के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हो गई थी, ताकि त्योहार के दौरान शांति-व्यवस्था बिगड़ने पर समय रहते काबू किया जा सके।

पहाड़ी मंदिर के रास्ते पर जाम

शहर के सबसे बड़े शिवालय पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गो पर सोमवार की सुबह से शाम तक जाम की समस्या रही। हालांकि, इन सबके बीच पुलिस-प्रशासन पूरी चुस्ती के साथ जाम हटाने की कोशिश करती रही।

Posted By: Inextlive