-मामला प्रेम प्रसंग का, अरवल के रहने वाले थे विकास

-सुलह कराने सुबह घर पहुंचे बड़े भाई, मिली छोटे भाई की लाश

-गले व सिर में धारदार हथियार से वार, शव लटकाने की कोशिश

-एक्सिस बैंक में सेल्स एग्जीक्यूटिव थे, ढाई माह पहले आए थे रांची

-सदर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में रह रहे थे, पुलिस कर रही तफ्तीश

रांची : सदर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में रहने वाले एक्सिस बैंककर्मी विकास कुमार (35 वर्ष) की हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप पत्नी दुर्गा देवी पर लगा है, जो घटना के बाद से अपने पांच साल के बच्चे को लेकर फरार है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। विकास मेन रोड स्थित एक्सिस बैंक शाखा में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से बिहार के अरवल के रहने वाले थे। घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई जब विकास के बड़े भाई विवेक अपने गांव अरवल से रांची पहुंचे। जब वे विकास के घर पहुंचे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला था। भीतर घुसकर देखा तो दंग रह गए। उनके भाई का शव जमीन पर पड़ा था। उनके सिर और गले में चोट के कई निशान थे। सामान, बिखरे पड़े थे। पूरे कमरे में खून के छींटे दिखाई दे रहे थे। इसकी जानकारी उन्होंने मकान मालिक सीपी सिंह को दी। इसके बाद घटना की सूचना सूचना सदर पुलिस को दी गई।

एफएसएल की टीम पहुंची

सूचना पाकर मौके पर सदर थाना प्रभारी दयानंद कुमार पहुंचे। मौके पर एफएसएल की टीम भी बुलवाई गई। टीम ने घटनास्थल से कई फिंगर प्रिंट के कई नमूने एकत्र किए हैं। मामले में मृतक के बड़े भाई विवेक के बयान पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि सिर में धारदार हथियार से हमला कर और गला घोंटकर हत्या की गई है।

सुलह कराने रांची पहुंचे थे बड़े भाई

पत्‍‌नी से झगड़ा होने की जानकारी विकास ने पिता को फोन पर दी थी, इस वजह से विकास के पिता ने विवेक को सुलह कराने के लिए रांची भेजा था। ताकि वे रांची पहुंचकर दोनों के बीच सुलह करवाएं। लेकिन रांची पहुंचने पर उन्हें भाई की लाश मिली। इधर मकान मालिक सीपी सिंह ने बताया कि विकास उनका किरायेदार के अलावा करीबी रिश्तेदार भी था। पटना में वर्षो तक नौकरी करने के बाद डेढ़ माह पहले, तबादला करवाने के बाद विकास रांची पहुंचा था।

प्रेम-प्रसंग के बाद हुई थी दोनों की शादी

विकास और दुर्गा की शादी सात साल पहले प्रेम प्रसंग में हुई थी। दोनों विकास के ममेरे भाई की शादी में मिले थे। दुर्गा विकास के ममेरे भाई की साली है। विकास से शादी के दो वर्षो के बाद दुर्गा को पटना के एक युवक से प्रेम हो गया था। विकास का एक पांच वर्षीय बेटा भी है।

--

---

हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश :

पुलिस के मुताबिक बैंक अधिकारी की हत्या करने के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। विकास का गला पंखे से बंधे एक चादर से लटकाने की कोशिश भी की गई थी। लेकिन शव नीचे गिरा था और एक टेबल, बेड के ऊपर रखा गया था। शव के आसपास धारदार हथियार भी पड़े थे। बिस्तर में मैगी से भरा प्लेट भी रखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

---

---

भाई का आरोप, प्रेमी के साथ मिलकर पत्‍‌नी ने की हत्या

मृतक बैंक अधिकारी के भाई विवेक ने पुलिस के समक्ष दावा करते हुए कहा है कि दुर्गा ने प्रेमी के साथ मिलकर विकास की हत्या कर दी। पटना में रहने के दौरान दुर्गा का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग हो गया था। कई बार विकास ने दुर्गा को अपने प्रेमी के साथ पकड़ा भी था। इस बात को लेकर दोनों के बीच काफी झगड़ा होता था। इसी कारण विकास ने पटना से अपना तबादला रांची करवा लिया था। लेकिन रांची आने के बाद भी दोनों के संबंध नहीं छूटे थे। विकास ने अपने भाई को फोन पर बताया था कि दुर्गा का प्रेमी रांची पहुंच गया था, शनिवार की सुबह विकास ने पत्‍‌नी को प्रेमी के साथ पकड़ा था और दोनो में काफी झगड़ा हुआ था।

---

Posted By: Inextlive