छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: करीम सिटी कॉलेज (केसीसी) में इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) की परीक्षा दे रही महिला का वीडियो बनाना उसके पति को महंगा पड़ गया। महिला ने इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की और इसके बाद शिक्षकों की मदद से पति को पकड़ कर पीटती हुई साकची महिला थाना ले गई। महिला ने थाना परिसर में भी अपने पति की पिटाई की और उस पर छेड़छाड़ व पीछा करने का भी आरोप लगाया। महिला थाने में घंटों बवाल होता रहा। बाद में महिला ने अपने पति को कदमा थाने को सौंप दिया। कदमा पुलिस ने पति को जेल भेज दिया है। घटना बुधवार की दोपहर की है।

लगी लोगों की भीड़

महिला जब पति को पीटती हुई साकची महिला थाना परिसर गई तो वहां देखने वालों की भीड़ लग गई। यहां कई घंटे तक हंगामा चलता रहा। पूजा के परिजन महिला थाने में ही अमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने पर अड़े थे लेकिन, महिला पुलिस का कहना था कि जब मामले में पहले से ही कदमा थाने में रिपोर्ट दर्ज है तो इसे वहीं ले जाएं। इसके बाद परिजन अमित को पकड़ कर कदमा थाना ले गए। कदमा थाने में पहले से ही अमित के खिलाफ प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है।

10 जून को हुई थी शादी

साकची की रहने वाली पूजा कुमारी का विवाह 10 जून को कदमा के अनिल सूर पथ निवासी अमित सिंह से हुआ था। पूजा का आरोप है कि उसे ससुराल में प्रताडि़त किया जाता था। अमित सिंह उसके साथ मारपीट करता था। इस पर वो साकची स्थित अपने मायके लौट आई।

दर्ज कराया था प्रताड़ना का केस

मामले में पूजा कुमारी ने कदमा थाने में अपने पति अमित सिंह के खिलाफ प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा दिया था। लेकिन, अमित सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। अमित सिंह पूजा कुमारी के पीछे पड़ा हुआ था। जब भी पूजा कहीं बाहर निकलती अमित उसका पीछा करता। उसका वीडियो बनाता और उस पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहा था। बताते हैं कि बुधवार को पूजा कुमारी की साकची के करीम सिटी कॉलेज में इग्नू की परीक्षा थी। वो परीक्षा दे रही थी। तभी उसका पति अमित सिंह भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। पहले तो अमित ने उस पर कमेंट किया और बाद में उसका वीडियो भी बनाने लगा।

छात्रों ने पकड़ा अमित को

पूजा ने इसकी जानकारी एक कॉलेज के स्टॉफ को दी। इसके बाद छात्रों ने दौड़ा कर अमित को पकड़ लिया। तब तक पूजा की सूचना पर उसके परिजन भी कालेज पहुंच गए थे। परिजनों के साथ पत्‍‌नी अमित को पीटते हुए साकची महिला थाने ले गई। यहां पूजा ने महिला थाना इंचार्ज से अमित पर कार्रवाई करने की बात कही। लेकिन, महिला पुलिस ने जब मामला सुना तो कहा कि अगर कदमा में पहले से मामला दर्ज है तो इसे वहीं ले जाएं।

Posted By: Inextlive