मधवापुर में मकान विवाद में मारपीट के बाद चले ईट पत्थर, पांच लोग जख्मी

कीडगंज थाने में पुलिस ने पांच को किया नामजद, सौ अज्ञात पर केस

ALLAHABAD: कीडगंज के मधवापुर इलाके में शुक्रवार की दोपहर एक मकान पर कब्जे को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक पक्ष के लोग मकान पर कब्जा करने पहुंचे तो विरोध हो गया। इसके बाद महिलाओं और पुरुषों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे पर पथराव किया गया। गली में काफी देर तक पथराव होने से हंगामा मच गया। मारपीट और पथराव में पांच लोग जख्मी हो गए। बवाल की खबर पाकर पहुंची कीडगंज पुलिस ने लाठी पटक सभी को खदेड़ दिया। मामले को लेकर कीडगंज थाने में दोनों पक्ष जमा हो गए। वहां भी हंगामा हुआ। कीडगंज पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए सौ से अधिक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।

काफी दिनेां से लड़ाई

मधवापुर में स्थित एक बड़े मकान पर कब्जे की लड़ाई काफी दिनों से चल रही है। शुक्रवार की दोपहर एक पक्ष के लोग दर्जनों की संख्या में पहुंचे। मकान को लेकर पहले विवाद हुआ फिर मारपीट होने लगी। इसके बाद जमकर लात घूंसे और पत्थर चले। कब्जा करने पहुंचे लोग गली से पत्थर चलाते रहे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने छत से ईट फेंके। इससे अफरातफरी मच गई। मुहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो फोर्स पहुंची। जद्दोजहद के बाद मामला शांत कराया गया। कीडगंज थाना प्रभारी अशोक कुमार के मुताबिक, मधवापुर के एक मकान में अनिल कुमार का परिवार रहता है। मकान को लेकर होलागढ़ के रहने वाले संत बहादुर पटेल से विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में है। शुक्रवार को संत बहादुर पटेल सैकड़ों लोगा को लेकर मकान कब्जा करने पहुंचे और पथराव व मारपीट किया। मामले में संत बहादुर समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Posted By: Inextlive