मैनेजर को पिस्टल सटाकर दी थी धमकी, बर्तन तोड़ डाले

पीछा करके रोकने पर पुलिस वाले से उलझे, देर रात तक चलती रही पंचायत

सिविल लाइंस के एक रेस्टोरेंट कम बार में गुरुवार की शाम जमकर बवाल हुआ। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्र संघ के निवर्तमान महामंत्री सिद्धार्थ सिंह गोलू के साथ पहुंचे छात्रों ने रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान वे परमानेंट पिस्टल लहराते रहे। विरोध करने पर मैनेजर को पिस्टल सटा दी। इसके बाद वे भागे तो पुलिस ने पीछा करके हॉट स्टॅफ चौराहे पर घेर लिया तो दरोगा से हाथापाई पर उतर आए। सूचना पाकर पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस चार युवकों को पकड़कर थाने ले गई तो उनके समर्थन में सैकड़ों की संख्या में लोग सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों में पंचायत शुरू हो गई। इसके चलते समाचार लिखे जाने के समय तक किसी भी पक्ष की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। एहतियातन शहर के आसपास के सभी थानों की फोर्स बुला ली गई थी।

खाना खाने पहुंचे थे

सिविल लाइंस में विशाल मेगा मार्ट के सामने एक नया रेस्टोरेंट हाल ही में खुला है। इसके मालिक सौरभ हैं। यहां रेस्टारेंट के साथ बार और हुक्का बार भी है। होटल मालिक का कहना है कि एक सफारी से पांच लोग शाम को ही यहां पहुंच गए थे। उन्होंने बार का इस्तेमाल किया और फिर खाना खाया। इसके बाद उन्होंने बिल भी पे किया। काउंटर पर बिल पे करने के बाद वे बाहर जाने के बजाय रेस्टोरेंट में घुसे। एक ने पिस्टल निकाल रखी थी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्लेंटें, कुर्सियां पलट दी। वहां मौजूद कर्मचारियों से गाली गलौज दी। मैनेजर ने उन्हें रोककर समझाने की कोशिश की तो उन्होंने उसे भी पिस्टल सटा दिया। इसी दौरान एक कर्मचारी पुलिस को सूचना दे चुका था। इसलिए वे भागने में लग गए।

सफारी से पहुंचे थे

निकलते वक्त वे सभी एक सफारी में बैठे। इस सफारी गाड़ी पर सपा का झंडा लगा हुआ था। सफारी से लड़कों को भागते देख चौकी इंचार्ज सुनील सिंह ने हमराही के साथ बाइक से पीछा कर लिया। हॉट स्टफ चौराहे पर उन्होंने सफारी को घेरकर रोक भी लिया। बाहर निकलने के लिए कहने पर सफारी से उतरकर वे पुलिस से उलझ गए और हाथापाई कर ली। इस दृश्य देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंच गए। उसमें से एक युवक भागने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार उसका नाम सिद्धार्थ सिर्फ उर्फ गोलू है। वह इविवि छात्रसंघ का निवर्तमान महामंत्री है। पकड़े गए युवकों का नाम नीतेश तिवारी, दीपक, मनीष पाण्डेय और आशीष त्रिपाठी बताया गया है।

बाक्स

आर्डर पर सप्लाई न मिलना बना जड़

सिविल लाइंस में देर शाम सूचना मिलने पर सैकड़ों लोग पहुंच गए। ये छात्रों के पक्ष के थे। इन लोगों का कहना था कि वे बर्थडे पार्टी सेलीब्रेट करने पहुंचे थे। उनका बिल करीब 30 हजार रुपए का हो चुका था। इसके बाद उन्होंने आर्डर किया तो उन्हें रोक दिया गया। बिल करने पर ही उन्हें आगे कोई सप्लाई दिए जाने की बात कही गई। इसी पर उनका पारा हाई हो गया। इस पक्ष के लोगों ने पुलिस से इसे वेरीफाई कराने को भी कहा।

Posted By: Inextlive