धनतेरस के लिए रसोई के सामान की बिक्री हुई शुरु

दीपावली पर सजा किचन के सामान का बाजार

Meerut । दीपावली नजदीक आते ही बाजारों में घर की सजावट से लेकर रसोई के बर्तन और किचन एप्लायंसेज का बाजार सज गया है। सजी-धजी दुकानें ग्राहकों का इंतजार कर रही हैं। धनतेरस को अभी तीन दिन बाकी हैं लेकिन अभी से ही शोरूमों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है। इस धनतेरस पर क्या नया बाजार में आया है और किस चीज की हमें जरुरत है यह सोच कर ग्राहक बाजार में नई और अपने जरुरत की चीजों को तलाशने के निकल रहा है। जिस कारण से बाजारों में रौनक लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं बर्तनों का बाजार भी दुकानों से निकल तक सड़क तक सज चुका है।

मॉड्यूलर किचन में बदली रसोई

इलेट्रॉनिक्स ने घर के ड्राइंगरुम से लेकर बेडरूम तक में अपनी पकड़ बना ली है। ऐसे में पिछले चार पांच साल से रसोई में इलेक्ट्रानिक उपकरणों जैसे ओवन, इंडक्शन, रोटी मेकर, मिक्सर ग्राइंडर, टोस्टर, आरओ आदि उपकरण हर घर की रसोई की आम जरुरत बनते जा रहे हैं। इसको देखते हुए बाजार भी अब केवल बर्तनों की बिक्री तक सीमित नही है बल्कि रसोई को मॉड्यूलर किचन बनाने वाला हर सामान बाजार में उपलब्ध है। इसमें इलेक्ट्रिक चिमनी से लेकर इलेक्ट्रिक तंदूर तक शामिल है जो आपकी किचन की शान बढ़ाता है। इन उपकरणों की कीमत 2 हजार से लेकर 2 लाख तक रेंज में उपलब्ध है। कंपनियों की ओर खरीदारी पर कई तरह के ऑफर्स हैं। कहीं लकी ड्रॉ की बात हो रही है तो कहीं निश्चित उपहार का दावा किया जा रहा है।

कम नही है बर्तनों की चमक

स्टील के बर्तनों के बिना धनतेरस पर खरीदारी पूरी नही मानी जाती है। रसोई में जरुरत हो या ना हो लेकिन पूजन के लिए स्टील की चम्मच, कटोरी, थाली कुछ ना कुछ जरुर खरीदा जाता है। ऐसे में हर दीपावली बर्तनों की चमक बरकरार रहती है। इसी को देखते हुए बर्तनों के व्यापारियों ने अपनी दुकानों का माल सड़क तक सजाकर ग्राहकों को लुभाना शुरु कर दिया है। सभी बाजार स्टील के बर्तनों की दुकान से सजे हुए हैं। वहीं व्यापारियों को भी उम्मीद है कि इस बार बर्तनो का कारोबार पिछले साल से दोगुना रहेगा।

दीपावली पर अपने ग्राहकों के लिए अधिकतर सभी कंपनी के किचन एप्लायंसेज डिस्काउंट ऑफर लेकर आई है। कुछ फ्री गिफ्ट भी दिए जा रहे हैं। ओवन, मार्डन गैस चूल्हा, इलेक्ट्रिक चिमनी में कई नए मॉडल लांच किए गए हैं।

- मुकुल सिंघल, इलेक्ट्रिकल हाउस होल्ड एप्लायंसेज

धनतेरस पर बर्तनों की बिक्री पिछले साल काफी कम थी। लेकिन इस बार उम्मीद है कि बिक्री अच्छी होगी। स्टील का रेट भी पिछले साल के बराबर ही है। इसलिए ग्राहकों को फायदा ही होगा।

- मकसूद अहमद, यूपी बर्तन स्टोर

किचन की जरुरत के सामान की रेंज हर साल बढ़ जाती है। इजी टू यूज इक्यूपमेंटस की डिमांड अधिक है। इसको देखते हुए कंपनी ने देसी रसोई के कई उपकरण को इलेक्ट्रिक में लांच किया है। इसमें ग्राइंड, आटा मिक्सर, रोटी मेकर आदि काफी डिमांड में है।

- सुनील गुप्ता

Posted By: Inextlive