- चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस, इंटरनेट सेवाएं भी रही बंद

- दिनभर फोर्स के साथ मिश्रित आबादी वाले इलाकों में रहे अधिकारी

आगरा: झारखंड में मॉब लिंचिंग की घटना के विरोध में शुक्रवार को कुछ संगठनों ने भारत बंद बुलाया था। इसको लेकर शहर में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर रहा। बंद के दौरान किसी भी बवाल की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे। एसएसपी बबलू कुमार ने शहर में भारी पुलिस बल के साथ-साथ पीएसी को भी तैनात किया। पुलिस की सख्ती के कारण सुबह से ही हालात सामान्य रहे। बाजार रोजाना की तरह खुला और लोग काम पर गए।

हाल ही में हो चुका था बवाल

मंटोला में सोमवार को इसी मुद्दे पर प्रदर्शन के दौरान बवाल हो चुका था। इसलिए पुलिस प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी की थी। मंटोला, ढोलीखार, घटिया मामू भांजा, मीरा हुसैनी चौराहे को छावनी बना दिया गया। जामा मस्जिद के आसपास पुलिस और पीएसी के साथ आरआरएफ भी लगाई गई थी। दोपहर को जामा मस्जिद में जुमा की नमाज तक पुलिस ने पूरी सख्ती रखी। दोपहर तक सामान्य हालत रहने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

इंटरनेट सेवाएं रहीं बंद

पूर्व में सोशल मीडिया से भीड़ जुटाई गई थी। इसलिए इस बार पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद करा दीं। शाम तक छह बजे तक इन सेवाओं के बंद रहने के कारण सोशल मीडिया पर सभी का संपर्क टूट गया। हालात सामान्य रहने पर शाम को इंटरनेट सेवाएं भी चालू करा दी गई। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि भारत बंद को देखते हुए एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। बंद का कहीं कोई असर नहीं रहा।

--------

संजय प्लेस में छपे थे भारत बंद के पंफलेट

बहुजन मुक्ति मोर्चा ने भारत बंद का आह्वान किया था। इसके लिए पूरी तैयारी भी की थी। शुक्रवार को संजय प्लेस से पुलिस और एलआइयू ने भारत बंद के पंफलेट बरामद किए। इन पर पांच जुलाई को भारत बंद रखने की अपील लिखी थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस संगठन के संयोजक सुरेश भाष्कर हैं। उन्होंने ने ही ये पंफलेट छपवाए थे। मगर, उन्होंने पुलिस अधिकारियों के कहने पर एक दिन पहले ही ज्ञापन दे दिया। इसीलिए इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

----

Posted By: Inextlive