बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव जनता के बीच काफी एक्टिव हैं। उन्होंने बिहार के लोगों से वादा किया कि अगर राजद को सरकार बनाने का अवसर मिलता है तो पहली कैबिनेट बैठक में पहले हस्ताक्षर के साथ ही 10 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।


पटना (एजेंसियां)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर बिहार में राजद ने सरकार बनाई, तो 10 लाख स्थायी, सरकारी नौकरियों को पहली कैबिनेट बैठक में ही मंजूरी मिल जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने पहले ही उन लोगों के झूठ को देखा है जिन्होंने पिछले 15 वर्षों में शासन किया है। राजद नेता ने जनता को भरोसा दिलाया कि यह केवल एक वादा नहीं है, बल्कि एक मजबूत इच्छाशक्ति है ... ये सरकारी नौकरियां और स्थायी नौकरियां होंगी।बिहार को 1.25 लाख डॉक्टरों की जरूरत


तेजस्वी यादव ने इस बात पर जोर डाला कि डब्ल्यूएचओ के मानकों के अनुसार, प्रत्येक 1,000 लोगों के लिए एक डॉक्टर होना चाहिए। बिहार की आबादी 12.5 करोड़ के करीब है, इसलिए, बिहार को 1.25 लाख डॉक्टरों की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग को 2.5 लाख स्टाफ की जरूरत है। इसके अलावा उन्होंने पुलिस विभाग का जिक्र किया। पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होगा

राजद नेता ने कहा कि पुलिस बल में 50,000 कर्मियों के पद खाली पड़े हैं। इन पर भी भर्ती की जानी चाहिए। वर्तमान में प्रति एक लाख आबादी पर सिर्फ 77 पुलिसकर्मी है। राज्य में पुलिस-सार्वजनिक अनुपात अपने न्यूनतम स्तर पर है। बिहार में तीन चरणों में चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

Posted By: Shweta Mishra