-1.42 करोड़ रुपए है सुशील मोदी की कुल चल संपत्ति

- 2.22 करोड़ रुपए सुशील मोदी की पत्नी की संपत्ति

-18.35 लाख का नोएडा में फ्लैट, पत्नी हिस्सेदार

PATNA: एक दशक से अधिक समय तक बिहार के वित्त मंत्री रहे पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी 28.53 लाख रुपए के कर्जदार हैं। उनकी कुल चल संपत्ति करीब 1.42 करोड़ रुपए है। उनकी प्रोफेसर पत्नी उनसे अधिक अमीर हैं। उनकी कुल संपत्ति 2.22 करोड़ रुपए से अधिक है। बीजेपी की ओर से राज्यसभा कैंडिडेट सुशील मोदी ने बुधवार को नामांकन के दौरान शपथ पत्र में यह जानकारी दी है। वर्ष 2018-19 में सुशील मोदी ने चार लाख 150 रुपए की आय दिखाई है, जबकि इसी दौरान उनकी पत्नी की आय 13 लाख पांच हजार 490 रुपए रही।

दो आपराधिक मामले लंबित

सुशील मोदी ने शपथ पत्र में बताया है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में उनके और पत्नी के नाम पर एक फ्लैट है, जो वर्ष 2009 में करीब 18.35 लाख रुपए में खरीदा गया था। इस फ्लैट में उनकी और पत्नी की आधी-आधी हिस्सेदारी है। वर्तमान में फ्लैट की कीमत 29.71 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा उनके पास 105 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 450 ग्राम सोने के गहने हैं। सुशील मोदी पर दो आपराधिक मामले लंबित हैं। किसी भी मामले में उनको सजा नहीं सुनाई गई है।

कार के लिए सरकार से लिया कर्ज

सुशील कुमार मोदी के नाम पर 28.53 लाख की देनदारी है। इसमें 17,64,853 रुपए का कर्ज उन्होंने रिश्तेदारों से लिया है। इसके अलावा बिहार सरकार से 10,88,304 रुपए कार लोन के रूप में लिया है। मोदी के पास मारुति ब्रेजा कार है, जो उन्होंने इसी साल 11.40 लाख रुपए में खरीदी है।

शेयर बाजार में भी निवेश

सुशील मोदी ने करीब 9,37,389 रुपए शेयर बाजार में निवेश किया है। इसके अलावा 20 हजार रुपए म्युचअल फंड में लगाए हैं, जबकि 12 हजार रुपए का आईडीबीआई इंफ्रास्ट्रक्चर बांड लिया है। वहीं उनकी पत्नी ने 8,49,133 रुपए के भारतीय कंपनियों के शेयर खरीदे हैं। इसके अलावा 20 हजार रुपए म्युचअल फंड में निवेश किया है।

जेपी मूवमेंट के कारण नहीं कर पाए एमएससी

सुशील कुमार मोदी ने बताया है कि उनके पास पटना साइंस कॉलेज की बॉटनी से बीएससी ऑनर्स की डिग्री है। 1973 में बीएससी करने के बाद उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी में एमएससी में एडमिशन लिया था लेकिन जेपी मूवमेंट के कारण पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।

Posted By: Inextlive