-यूपी के संगठन मंत्री को सीमाचंल और मिथिलांचल की मिली जिम्मेदारी

PATNA: बिहार में चुनावी पारा चढ़ने लगा है। सभी राजनीति दल अपनी-अपनी राजनीतिक गोटियां बिछाने लगे हैं। बीजेपी ने भी चुनावी तरकस पर प्रत्यंचा कस दी है। उत्तर प्रदेश के एक्स सीएम मुलायम सिंह यादव के कुनबे को वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने कुशल नेतृत्व से ढहाने वाले ब्रज और कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह को अब लालू यादव के गढ़ को ढहाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें सीमांचल और मिथिलांचल के 12 जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार को भाजपा संगठन की दृष्टि से चार हिस्सों में बांटा गया है। जिनमें से सबसे बड़े हिस्से की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है।

76 सीटों की जिम्मेदारी

बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भवानी सिंह, ब्रज और कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री पर बड़ा भरोसा जताया है। कुल 243 विधानसभा सीटों में से 76 सीटों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। ये सीटें सीमांचल और मिथिलांचल क्षेत्र में आतीं हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों में प्रवास शुरू कर दिया है। वे पार्टी और संगठन के पुराने व नए कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। उनमें ऊर्जा का संचार पैदा कर रहे हैं।

इसलिए जताया है भरोसा

राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनपर इसलिए भरोसा जताया है कि मुलायम सिंह यादव का यूपी के फिरोजाबाद, कन्नौज, बदायूं सहित कई लोकसभा सीटों पर कब्जा रहा है। लेकिन 2019 में लोस चुनाव में यह मिथक टूट गया। बृज और कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री रहते हुए भवानी सिंह ने ऐसे चक्रव्यहू की रचना की थी कि मुलायम का कुनबा फंस गया। जिसे देखते हुए अब बिहार में नई जिम्मेदारी मिली है।

22 पर मिली थी जीत

ब्रज और कानपुर क्षेत्र में लोकसभा की 23 सीटें आतीं हैं। जिनमें से भाजपा ने ब्रज और कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह के नेतृत्व में वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में 22 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इस सफलता को देखते हुए ही भवानी सिंह को बिहार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Posted By: Inextlive