PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव में बंपर समर्थन मिलने पर कहा कि यह बिहार की भावना और स्वाभिमान की जीत है. बिहार के लोगों ने इस चुनाव में महागठबंधन को जीताने का पहले ही मन बना लिया था. इस जीत पर सभी बिहार के लोगों को बहुत-बहुत बधाई और प्रणाम. इस जीत के लिए बिहार के मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं.


नीतीश ने रविवार को जद-यू, राजद और कांग्रेस की साझा प्रेस कांफ्रेंस में कहा, कि हमें सभी वर्गों का समर्थन मिला है सभी तबके ने महागठबंधन को समर्थन किया है। हम मिलजुलकर एक सकारात्मक सोच के साथ काम करेंगे। किसी के प्रति दुर्भावना नहीं रखेंगे। हम विपक्ष का सम्मान करेंगे। इस चुनाव पर देश भर की निगाहें टिकी हुई थीं। बिहार के नतीजों का राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के भी मायने हैं। देश को एक सशक्त विपक्ष की जरूरत है। राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में बिहार की भूमिका अहम है।
वहीं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि इतना शानदार ढंग से जनादेश देने के लिए मैं बिहार के सभी वर्गों के समक्ष नतमस्तक हूं। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी। हम अब केंद्र की सरकार के लिए चुनौती पेश करेंगे। इस जीत के बाद हम दिल्ली पर चढ़ाई करेंगे। सबसे पहले हम लालटेन लेकर बनारस में जाएंगे। बिहार को लेकर हम कोई समझौता नहीं करने वाले हैं।

Posted By: Inextlive