समर्थन सभा में राजग की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के सांसदों व विधायकों को किया संबोधित

पटना (ब्यूरो)। राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बिहार के सांसदों व विधायकों से समर्थन मांगने पटना आईं। होटल मौर्य में मंगलवार को आयोजित समर्थन सभा को संबोधित करते हुए ओडिशा की रहने वाली मुर्मू ने स्वयं को बिहार व झारखंड से जोड़ा। कहा कि उनकी रगों में बिहार और झारखंड का खून-पानी है। बिहार से पुराना रिश्ता है। बिहार से आत्मीय लगाव का परिचय देते हुए कहा कि मेरी दादी झारखंड की थीं। सौ वर्ष पूर्व बिहार-झारखंड और उड़ीसा एक ही राज्य था.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मेरे जैसे अंतिम पायदान पर मानी जाने वाली आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद पर बैठाने का निर्णय लिया है।

मतदाताओं से सहयोग की अपील
मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सर्वोच्च पद तक पहुंचाने के निर्णय में आप भी सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि प्रारंभ से ही मेरा जीवन संघर्षों में गुजरा है। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच पर मुर्मू का जोरदार स्वागत किया। नीतीश ने भी भरोसा देते हुए कहा कि हमलोगों को पूर्ण विश्वास है कि द्रौपदी मुर्मू भारी बहुमत से जीतेंगी।

पहले तीनों राज्य एक ही
सीएम ने भी कहा कि पहले बिहार, उड़ीसा और झारखंड एक ही था। इससे पहले समर्थन सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा। संजय जायसवाल ने अपने संबोधन में द्रौपदी मुर्मू की जीत का भरोसा जताया। बैठक में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सर्वानंद सोनोवाल, पशुपति कुमार पारस, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के अलावा बिहार एनडीए के सभी मंत्री, सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद उपस्थित थे।

परंपरागत नृत्यों से किया स्वागत
समर्थन सभा में मंच संचालन श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा ने किया। इससे पहले पटना पहुंचने पर मुर्मू का एयरपोर्ट पर भाजपा के नेताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित कई नेता पहले ही पहुंच गए थे। मुर्मू ने हवाई अड्डे से बाहर निकलने के बाद पुराना सचिवालय स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एयरपोर्ट पर स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी वेशभूषा में द्रौपदी मुर्मू का बिहार की धरती पर परंपरागत नृत्यों से स्वागत किया।

द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की हैं तो एक तरह से बिहार की ही हुईं, बहुमत से जीतेंगी

- एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी के समर्थन को आयोजित कार्यक्रम में बोले नीतीश
-मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने को ले वह प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैैं

राजधानी स्थित होटल मौर्य में एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में आयोजित इस आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वह ओडिशा की रहने वाली हैैं तो एक तरह से बिहार की ही हुईं। वर्ष 1912 में बंगाल से अलग होने के बाद बिहार और उड़ीसा एक ही प्रांत था। इसलिए बिहारवासियों के लिए यह काफी प्रसन्नता की बात है।

जब सूचना मिली तो खुशी हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाए जाने की सूचना दी तो बहुत खुशी हुई। एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया। यह बहुत बड़ी बात है। हम सभी द्रौपदी मुर्मू को आश्वस्त करते हैैं कि वह बहुमत से जीतेंगी। सभी लोग ठीक ढंग से वोटिंग कर उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे.मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा में विधायक और मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया था। झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है। प्रधानमंत्री ने इसके पहले अनुसूचित जाति के व्यक्ति को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और इस बार एक आदिवासी महिला को उम्मीदवार बनाया है। इसके लिए वह प्रधानमंत्री को भी धन्यवाद देते हैैं।

अन्य दलों से भी वोट मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे भरोसा है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के रूप में काम करने का मौका मिलेगा तो वह अच्छा काम करेंगी। एनडीए के सभी दल उनका समर्थन तो करेंगे ही साथ ही अन्य दलों के लोगों का वोट भी उन्हें मिलेगा। मुख्यमंत्री ने द्रौपदी मुर्मू का अंगवस्त्र और बुके भेंट कर स्वागत किया।

Posted By: Inextlive