कल ईस्टर ईसाई समुदाय ने पाप का त्याग कर भाईचारा व शत्रु से प्रेम का दिया संदेश


पटना ब्‍यूरो। ईसाई समुदाय द्वारा शुक्रवार को गुरहट्टा स्थित महागिरजाघर पादरी की हवेली में प्रार्थना कर गुड फ्राइडे मनाया। इस मौके पर निकाली गई क्रूस यात्रा में लोग शामिल हुए। क्रूस को कांधे से सटा कर लोगों ने प्रभु यीशु को याद किया। पल्ली पुरोहित फादर प्रवीण लोवो की देखरेख में विशेष प्रार्थना हुई। यात्रा में लाल कपड़े से ढंके क्रूस को पल्ली के 14 परिवार की ओर से ढोया गया।
प्रार्थना सभा में प्रभु यीशु के संदेश को पढ़ते हुए फादर ने कहा कि आज का त्योहार हमें क्षमाशील बनाते हुए शत्रुओं से प्रेम करने की प्रेरणा देता है। प्रभु यीशु ने त्याग व बलिदान के साथ प्रेम का संदेश दिया है। कार्यक्रम में सहायक पल्ली पुरोहित फादर सुरेश खाका और सुप्रीयिर फादर प्रदीप सोंरग, मिशनरी आफ चैरिटी व माता सदा सहायिका की धर्म बहनों के साथ अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष एम्ब्रोस पैट्रिक, अभिषेक पैट्रिक, पूजा एन शर्मा, विक्टर अलफोंस, जार्ज पीटर, साइमन पीटर, कांता अलफोंस, रिचर्ड रंजन , एडवर्ड अल्फोंस समेत अन्य शामिल थे। रविवार को ईस्टर का त्योहार चर्च में मनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को रात्रि जागरण, आग का आशीष व मिस्सा बलिदान पूजा के साथ अन्य धार्मिक आयोजन होगा। इसके बाद प्रभु के वचन का सात पाठ होगा।

Posted By: Inextlive