- लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार पर बोला हमला

PATNA: प्रदेश में शराबबंदी पूरी तरह से फेल है। शराबबंदी के नाम पर बिहारियों को तस्कर बनाया जा रहा है। सुशासन का दावा करने वाले नीतीश कुमार बताएं कि कानून व्यवस्था कहां है। आए दिन हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। विधि-व्यवस्था चौपट है। कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार फेल है। यह बातें लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कही। चिराग संडे को पार्टी ऑफिस में नेताओं की बैठक में बोल रहे थे। साथ ही दावा किया कि नीतीश सरकार अधिक दिन नहीं चलेगी। इससे पहले बैठक में चिराग ने नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और प्रधान महासचिव संजय पासवान को माला पहनाकर अभिनंदन किया।

संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं

जदयू का बिना नाम लिए चिराग ने पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। हमें अगले चुनाव के लिए गठबंधन की चिंता नहीं है, इसकी चिंता तो उन्हें करनी है जो चुनाव में हमारे कारण हारते हैं। वे हमारे पास गठबंधन के लिए फिर से आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश लोजपा की कार्यकारिणी से लेकर जिलाध्यक्षों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। पार्टी ने प्रदेश में एक करोड़ मतों के लक्ष्य को सुनिश्चित करने का फैसला किया है। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज, सांसद चौधरी महबुब अली कैसर, वीणा देवी और चंदन सिंह, पूर्व सांसद सूरजभान सिंह तथा वीणा सिंह, प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल एवं अशरफ अंसारी मौजूद रहे

पारस और राजकुमार नहीं आए

लोजपा के एकमात्र विधायक राजकुमार सिंह बैठक में शामिल नहीं हुए। इसी तरह चिराग के चाचा और सांसद पशुपति कुमार पारस भी बैठक में नहीं आए। जानकारी मिली कि पारस दिल्ली में हैं। वहीं विधायक राजकुमार सिंह के बारे में पहले से ही उनके जदयू में जाने की चर्चा है। बताया जाता है कि वे सीएम नीतीश कुमार और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी से मुलाकात भी कर चुके हैं।

Posted By: Inextlive