-खेतों में फसलों को क्षति, 40 से अधिक पोल टूट कर गिरने से बिजली सप्लाई बाधित

MUZAFFARPUR: उत्तर बिहार में रविवार को आंधी -पानी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। कई स्थानों पर ओला गिरने से फसलों को काफी क्षति पहुंचीं। कई घरों के छप्पर उड़ गए। पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान आकाशी बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई वहीं एक व्यक्ति झुलस गया। मृतकों में दो पश्चिम चंपारण और एक दरभंगा जिले का निवासी है।

ठनका से कलावती की मौत

पश्चिम चंपारण में बारिश से सड़कें कीचड़मय हो गईं। कुमारबाग ओपी क्षेत्र के रमपुरवा घाट गांव में वज्रपात से रवि कुमार (35) की मौत हो गई। इसके अलावा ठकराहां थाना क्षेत्र के मलाही टोला में आकाशी बिजली गिरने से कलावती (38) की मौत हो गई। जबकि उसका श्वसुर बिजुल झुलस गया। पूर्वी चंपारण के तेतरिया प्रखंड में दर्जनों घरों की छतें उड़ गईं। आम और लीची को क्षति पहुंची। मेघुआ गांव में वीरेंद्र राय और विनोद सिंह के घर पर पेड़ गिर पड़ा। नरहा--पनापुर पथ पर पेड़ गिरने से आवागमन बंद हो गया। मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे। सब्जी की फसलों को भारी क्षति हुई। सड़कों पर जलजमाव हो गया। समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में ओला गिरने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही अन्य जगहों पर नुकसान का अनुमान है।

मक्के की फसल को क्षति

तेज हवा से मक्के की फसल को क्षति पहुंची। वारिसनगर प्रखंड के धनहर गांव में ओलावृष्टि के दौरान वज्रपात से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड में आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि के कारण सौ से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए। दर्जनों झोपडि़यां और पेड़ गिर पड़े। सड़कें और खेत ओलों से पट गए। खेतों में लगी फसलों को क्षति पहुंची। 40 से अधिक पोल टूट कर गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई.दरभंगा के मनीगाछी के नजरा मुसहरी निवासी लक्ष्मी सदाय (55) की ठनका गिरने से मौत हो गई।

Posted By: Inextlive