पटना को गारबेज फ्री बनाने के लिए लोगों को शपथ भी दिलायी गई यत्र-तत्र कचरा फेंकने वालों के घर ढोल तबला बजाते पहुंचे नगर निगमकर्मी

पटना (ब्यूरो)। आम तौर पर शहरवासी अब तक निगम के सफाईकर्मी या कचरा गाड़ी की तेज आवाज में कचरा वाला आया - की आवाज सुनते थे। लेकिन सोमवार की सुबह खास थी। सुबह-सुबह अलग-अलग टोलियों में लोग ढोल, तबला, झाल, बाजे बजाते हुए किसी खास मकान की ओर बढ़ रहे थे। उसी में एक व्यक्ति सब्जी और रिसाइकल की गई चीजों से बनी माला लेकर आगे बढ़ता है और एक व्यक्ति को पहना देता है। यह पूरा मामला पटना नगर निगम की ओर से शहर को गारबेज फ्री बनाने की कड़ी का हिस्सा रहा। माला उन्हें पहनाया गया जिनके बारे में यह जानकारी ली गई थी कि उनकी वजह से मुहल्ले में कचरा प्वाइंट बन गया है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि माला पहनाने का उदेश्य लोगों को सफाई के प्रति सचेत करना था। इस दौरान निगम कर्मियोंं ने मुहल्ले को साफ रखने का संकल्प भी लिया।

पहले चरण में 147 कचरा प्वाइंट हटेगा
प्रथम चरण में निगम क्षेत्र के 19 वार्डों के 147 कचरा प्वाइंट को कचरा मुक्त बनाया जाएगा। ऐसे 1798 लोगों की सूची भी प्रदर्शित की गई है, जो यहां-वहां कचरा फेंकते हैं। उन्हेंच्स्वच्छता का संदेश देने को गांधीगीरी का रास्ता अपनाया गया है। निगम की टीम ढोल, बाजा लेकर ऐसे व्यक्तियों के घर पहुंच रही है। उन्हें सम्मान के साथ माला पहनाते हुए उनके घर ढोलक पर थाप दी जा रही है। आगे इस अभियान में मंगलामुखियों को भी शरीक किया जाएगा। सोमवार से इसकी शुरुआत हुई तो असर भी दिखने लगा। जो कचरे की थैली लेकर सड़क पर फेंक रहे थे, उनकी आदत में बदलाव हो रहा है। निगम कर्मियों का पकड़ों- पकड़ों का शोर भी उन्हें सजग कर रहा है।

ब्लैक लिस्ट से लगता है डर
निगम के इस अभियान का यह दूसरा दिन था। इसमें निगम ने यत्र-तत्र कचरा फेंकने वालों की लिस्ट भी टांग दी थी। ऐसे लोग विनती करते दिखे कि वे अब गंदगी नहीं फैलाएंगे, उनका नाम इससे हटा दें। दानापुर, जमाल रोड, नार्थ एसके पुरी और शहर के प्रमुख स्थानों पर भी निगम की टीम ने सुबह- सुबह इस अभियान को प्रभावी तरीके से किया। ढोल, झाल बजाने और माला भी तैयार देख लोग सजग हो रहे हैं। मौके पर अलग-अलग जगहों पर उन्हें शपथ भी दिलाई जा रही है कि वे अब ऐसी गलती कभी नहीं करेंगे। कंकड़बाग अंचल के वार्ड संख्या 35 में भी इसकच् अच्छा असर दिखा। हालांकि, मैनपुरा में कचरा प्वाइंट पर कचरा फेंकने वालों की सूची लगाए जाने पर लोगों ने विरोध भी किया। लोगों को ब्लैक लिस्ट में नाम दिये जाने से डर लगने लगा है।

कई स्थानों पर निगम की टीम पहुंची
सोमवार को नाला रोड, कदमकुआं, सब्जीबाग, अशोक राजपथ, पीएमसीएच, खजांची रोड होते भीखनापहाड़ी आदि तक कहीं माला पहनते लोग, कहीं भागते लोग। नेहरू मार्ग (बेली रोड) में कई लोगों को माला पहनाया गया। नगर आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे थे। दूसरे चरण में 19 दिसंबर से 19 वार्डों में अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद अन्य 19 वार्डों में तीसरा चरण दो जनवरी से शुरू होगा। चौथे व अंतिम चरण की शुरूआत 16 जनवरी को 18 वार्डों में होगी। 26 जनवरी तक पटना को कचरा प्वाइंट से पूरी तरह मुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है, जहां लोगों ने अनधिकृत तौर पर ऐसे प्वाइंट बना दिए हैं।

Posted By: Inextlive