- मुकेश सहनी ने संभाला पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री का पद

PATNA: नीतीश सरकार में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी ने मंगलवार को विभाग की कमान संभाल ली। पद संभालते ही मंत्री मुकेश सहनी ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने काम को नौकरी की तरह नहीं बल्कि सेवा के रूप में करें। सहनी ने विभाग के सचिव को 9 कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। इनमें मछुआरों के लिए 2019-20 में स्वीकृत आवासों को 3 महीने में पूरा कराना, सभी जलकर और तालाबों को 3 महीने में अतिक्रमण से मुक्त कराना, सभी तालाब, जलकरों का बीमा कराना, मछुआरों का सुरक्षा बीमा योजना से 5 लाख तक का बीमा और पशु एवं मत्स्य पालकों के लिए ऋण की व्यवस्था करने जैसे कार्य शामिल हैं।

डेयरी कोषांग का कराएंगे गठन

सहनी ने कहा कि उनके मंत्रित्व काल में पशुपालक और मत्स्य पालकों को सरकारी योजनाओं का सीधे लाभ दिलाया जाएगा। मछुआरों को उनकी मछली के लिए बाजार मुहैया कराने से लेकर उनके उत्पाद की सही कीमत तक देने के लिए काम होगा। इसी प्रकार पशुपालकों के लिए भी योजनाएं प्रभावी कराई जाएंगी। मंत्री ने कहा जल्द ही राज्य स्तर पर मत्स्य और पशुपालन डेयरी कोषांग का गठन कराएंगे। जिलास्तर पर जन शिकायत कोषांग भी बनाए जाएंगे। इस दौरान विभाग के सचिव एन सरवन, निदेशक पशुपालन वी कार्तिकेय, धर्मेद्र सिंह और मधुरानी ठाकुर मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive