शनिवार और रविवार को शाम 6 बजे से दिखाई जाएगी फिल्म

पटना (ब्यूरो)। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा रविवार को फिल्म तारे जमीन पर का प्रस्तुतिकरण किया गया। इस दौरान प्रधान सचिव आनंद किशोर ने कहा कि मेगा स्क्रीन पटना के साथ बाहर के पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक का केंद्र बनेगा। मेगा स्क्रीन पर फिल्म फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा व राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर की फिल्में भी दिखाई जाएंगी। अच्छी एवं ज्ञानवर्धक फिल्मों का प्रस्तुतिकरण मेगा स्क्रीन पर होगा। जिससे हर वर्ग के लोगों का मनोरंजन हो। फिल्म फेस्टिवल या विशेष शो की जानकारी पहले से दी जाएगी जिससे लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएंगे और अपने वीकेंड को बेहतर बना सकेंगे।
विशेष शो का आयोजन
मेगा स्क्रीन पर स्कूली बच्चों के लिए विशेष शो एवं स्कूल प्रशासन की डिमांड पर कई तरह की ज्ञानवर्धक फिल्में दिखाई जाएगी। इसके साथ ही समाज का विशेष वर्ग अगर इसका लाभ लेना चाहे तो उनके लिए भी विशेष फिल्मों का शो चलेगा।
300 फीट दूर से भी देख सकते हैं
उल्लेखनीय है कि पटना स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत गांधी मैदान में लगे मेगास्क्रीन पर कार्यक्रम 30 फीट से लेकर 300 फीट तक की दूरी से देखा जा सकता है। इसके डॉल्वी डिजिटल सराउंडिंग साउंड सिस्टम से जोड़ा गया है। यह मेगास्क्रीन इनफ्लेटेबल है। हर शो से पहले उसमें हवा भरकर उसे ट्रस के माध्यम से खड़ा किया जाता है साथ ही शो खत्म होने पर स्क्रीन पैक कर दिया जाता है। पर्दे का कुल वजन 1200 किलो है। इस परियोजना में कोई भी स्थायी निर्माण नहीं किया गया है जिससे गांधी मैदान का उपयोग अन्य आयोजनों जैसे रैली, मेला, प्रदर्शनी, प्रशिक्षण शिविर आदि के लिए किया जा सकता है। परियोजना के अंतर्गत गांधी मैदान की गेट संख्या 4 के पास अस्थायी कंट्रोल-सह-स्टोर रूम है जहां से कार्यक्रम का संचालन किया जाता है।

क्या है मेगा स्क्रीन
- यह मेगास्क्रीन इनफ्लेटेबल है।
- हर शो से पहले उसमें हवा भरकर उसे ट्रस के माध्यम से खड़ा किया जाता है।
- शो खत्म होने पर स्क्रीन पैक कर दिया जाता है।
- पर्दे का कुल वजन 1200 किलो है।
- डॉल्बी डिजिटल साउंड सिस्टम से लैस

- स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत देश की पहली मेगा स्क्रीन परियोजना
- प्रोजेक्ट की लागत 6.98 करोड़ रुपए
- 75 फीट लंबा और 42 फीट चौड़ा मेगास्क्रीन
- इस पर प्रसारित फिल्म को कम से कम 5000 लोग एक साथ खुले मैदान में देख सकेंगे
- वर्ष 2020 सितंबर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया था

Posted By: Inextlive