- बिना मास्क गाड़ी चलाने वाले से वसूला जा रहा 50 रुपए

- जुर्माना काट दो मास्क देने का था आदेश

PATNA : कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए घर से बाहर निकलने पर सभी के लिए मास्क की अनिवार्यता है। ऐसा नहीं करने वालों पर सख्ती के साथ कार्रवाई के आदेश हैं। बिना मास्क पकड़े जाने पर 50 रुपए का जुर्माना वसूलने और साथ में दो मास्क भी देने की घोषणा हुई थी। लेकिन, जुर्माना के साथ मास्क देने की घोषणा पर पटना में अमल नहीं हो रहा है। शहर के सभी थाने के पुलिसकर्मी जुर्माना वसूल रहे है। इसके अलावा लगभग हर चौक-चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस बिना मास्क गाड़ी चला रहे लोगों से जुर्माना वसूल रही है, लेकिन उनकी ओर से मास्क नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से पुलिसकर्मी और जुर्माना देने वाले के बीच मास्क के लिए विवाद भी हो रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने शहर के कई थाना क्षेत्र और चौक-चौराहे पर जुर्माना वसूलने और मास्क बांटने की पड़ताल की तो पता चला कि किसी भी पुलिसकर्मी को बांटने के लिए मास्क नहीं मिला है।

परेशान हैं पुलिसकर्मी

चौक-चौराहे पर बिना मास्क गाड़ी चलाने वालों से जुर्माना वसूलने वाले पुलिसकर्मियों का कहना है कि मास्क नहीं मिलने से हमलोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई लोग जुर्माना देने के बाद चले जाते हैं, लेकिन कई लोग ऐसे भी मिल रहे जो जुर्माना देने के बाद मास्क की डिमांड करते हैं। विभाग की ओर से मास्क नहीं मिला है। ऐसे में लोगों को समझाकर भेज देते हैं। लेकिन कई लोग मास्क के लिए जिद करने लगते हैं।

अपने स्तर से की मास्क की व्यवस्था

कई पुलिसकर्मी ऐसे हैं जो मास्क की व्यवस्था अपने स्तर से कर रहे हैं। कोतवाली थाना चौराहे पर जुर्माना वसूलने वाले ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर धमेंद्र चौधरी ने बताया कि विवाद न हो, इसके लिए अपने स्तर से समाजसेवी संस्थाओं से मास्क की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मास्क उपलब्ध कराना चाहिए।

साहब को नहीं है जानकारी

टै्रफिक एसपी अमरकेश डी से पूछा गया कि जुर्माना के बदले ट्रैफिक पुलिस किसी को मास्क नहीं दे रही है तो उन्होंने कहा कि नहीं, ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है। वहीं, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा, सचिवालय के पास तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से जब मास्क देने के आदेश के बारे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि आदेश की जानकारी तो नहीं है। लेकिन न्यूज पेपर में पढ़ा था कि जिनसे जुर्माना वसूला जाएगा उनको दो मास्क देना है।

यह हुई थी घोषणा

बिना मास्क पहने घूमते पकड़े जाने पर जुर्माने के तौर पर 50 रुपए वसूलने का आदेश जारी किया गया था। बदले में दो मास्क दिए जाने की घोषणा हुई थी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच लोगों की लापरवाही को देखते हुए राज्य सरकार ने यह आदेश दिया गया था। सूचना एवं जनसंपर्क सचिव अनुपम कुमार ने इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि जुर्माने के बदले मास्क देने का मकसद लोगों को सतर्क करना है। आदेश के मुताबिक सार्वजनिक या कार्यस्थल पर फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मास्क नहीं पहनने पर 50 रुपए का जुर्माना लगेगा।

केस 1

पाटलिपुत्र गोलंबर पर फल बेचने वाले विजय कुमार से पुलिस ने मास्क नहीं पहने पर 50 रुपए का जुर्माना वसूला। पुलिस बिना मास्क दिए जाने लगी तो उसने कहा कि मास्क दीजिए। इस पर पुलिस वाले ने कहा कि मुझे मास्क नहीं मिला है। इस पर विजय ने कहा कि यह तो सरकार का आदेश है। आपको मास्क देना चाहिए। विजय का कहना है कि पुलिस और प्रशासन मनमानी कर रही है। जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है।

केस 2

कुर्जी मोड़ पर बिना मास्क लगाए बाइक से जा रहे मनीष पांडेय को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस वालों ने उनका 50 रुपए का चालान काटा। चालान की राशि देने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मी से मास्क मांगा। इस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि हमलोगों को मास्क नहीं मिला है। मनीष ने जब उनसे कहा कि 50 रुपए के बदले मास्क देने का भी प्रावधान है। पुलिस वाले ने कहा कि हमें केवल जुर्माना वसूलने का आदेश मिला है।

ऐसा प्रोविजन है। आवंटन आ गया है। मास्क खरीदारी की प्रक्रिया चल रही है। हमलोग अभियान चला कर मास्क बांटेंगे। लोगों को जागरूक करने के लिए जुर्माना वसूला जा रहा है।

-कुमार रवि, डीएम, पटना

Posted By: Inextlive