MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा में राहत नहीं मिलने से आक्रोशित बाढ़ पीडि़तों ने बुधवार की रात पुलिस पर हमला बोल दिया। जिसमें पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आक्रोशित लोगों ने एनएच 28 को भी जाम कर दिया। बताया गया कि सकरा के बाढ़ पीडि़त सबहा से मुशहरी राम तक एनएच 28 किनारे एक सप्ताह से सभी शरण लिए हुए हैं। इनमें अधिकतर दलित-महादलित परिवार शामिल हैं। इन्हें अबतक सरकारी स्तर पर कोई राहत नहीं मिली है।

घायल दारोगा आईसीयू में भर्ती

मुजफ्फरपुर जिला में सकरा थाने की पुलिस टीम पर जान लेवा हमला बोला गया। जिसमें दारोगा गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सकरा थाने के थानेदार रामनाथ प्रसाद की हालत नाजुक बताई गई है। थानेदार के अलावा पांच अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। जिनका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। सात हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार घटना पर असंतोष व्यक्त करते हुए कठोर करवाई करने की मांग की है।

पुलिस वाहन देख हुए आक्रोशित

इससे उनके समक्ष भूखमरी तक की नौबत आ गई है। इसी दौरान पुलिस वाहन उधर से गुजरते देख पीडि़त आक्रोशित हो उठे और पुलिस पर हमला कर दिया। पीडि़तों ने वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस क्रम में कई लोगों के जख्मी होने की भी खबर है। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकले। आक्रोशित पीडि़तों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए एनएन 28 को जाम कर दिया। फिलहाल सड़क जाम जारी है।

हाईवे पर बाढ़ पीडि़तों का कब्जा

सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर हाईवे पर मेडिकल चौराहा दरभंगा मोड़ से लेकर झपहां तक करीब 300 बाढ़ पीडि़त परिवारों का कब्जा है। इससे लगने वाले जाम से लोग परेशान हो रहे हैं। हजारों बाढ़ पीडि़त हाईवे पर तंबू लगाकर रह रहे हैं। बाढ़ पीडि़तों का कहना है कि अभी तक सरकार की ओर से कुछ नहीं मिल पाया है।

Posted By: Inextlive