- भाजपा, जदयू और कांगे्रस कार्यालय लगा रहा पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

-राजद प्रदेश कार्यालय में भी लगा जमावड़ा

PATNA :

विधानसभा चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद शनिवार को दिन भर राजनीतिक दलों के प्रदेश मुख्यालय और नेताओं के आवास पर गहमागहमी का माहौल रहा। टिकट के दावेदारों के साथ पार्टीसमर्थकों का मंत्री व विधायक के आवास पर जमावड़ा देखने को मिला।

भाजपा कार्यालय

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ। संजय जायसवाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मंगल पांडेय और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की मौजूदगी रही। इस बीच सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना जाना लगा रहा। टिकट के दावेदार भी समर्थकों के साथ दिनभर आला नेताओं की बाट जोहते रहे।

जदयू कार्यालय

जदयू प्रदेश कार्यालय में अरसे बाद सुबह राष्ट्रीय संगठन महामंत्री आरसीपी सिंह और फिर दोपहर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने की सूचना से पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ने लगा। दोपहर बाद तक विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी के अलावा प्रदेश सरकार कई मंत्री प्रदेश मुख्यालय में डट गए।

राजद कार्यालय

प्रदेश राजद कार्यालय में भी प्रदेश भर से टिकट की आस में आए कार्यकर्ताओं को जमावड़ा दिखा। इस समय तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह नहीं आए थे। इसे लेकर इंतजार कर रहे कार्यकर्ता थोड़ा खिन्न दिखाई दिए। दोपहर एक बजे राजद कार्यालय के प्रवेश-द्वार से लेकर पोर्टिको और शेड से नवनिर्मित प्रेक्षागृह तक में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी थी। वहीं कार्यालय सचिव चंदेश्वर ने बताया कि यहां कोई आवेदन जमा नहीं हो रहा है। फिर भी कई लोग यहां आवेदन लेकर आ रहे हैं।

कांग्रेस कार्यालय

प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय, प्रदेश प्रभारी अजय कपूर, बीरेंद्र सिंह राठौर, प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और चारों कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों की मौजूदगी में कई राउंड की बैठकें हुई। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी बैठक में शामिल हुए। उधर, सभी दलों के पार्टी कार्यकर्ताओं का दिन भर बड़े नेताओं के प्रदेश पदाधिकारियों के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।

लोजपा कार्यालय

लोजपा के प्रदेश कार्यालय में भी सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। चुनाव की घोषणा होते ही लोजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह हैं। लोजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशरफ अंसारी के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के आदेश के आलोक में चुनावी तैयारियों में एक-एक कार्यकर्ता जुटे हैं। सभी जिलों में लोजपा के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।

Posted By: Inextlive