तीन दिनों के प्रवास के बाद जैन संत पद यात्रा कर नालंदा के लिए हुए रवाना


पटना (ब्यूरो)। नेपाल सीमा से पैदल यात्रा कर वैशाली होते हुए पटना सिटी पहुंचे जैन संत आचार्य प्रमुख सागर जी महाराज ने कहा कि दुनिया को बिहार से ही भगवान महावीर ने अङ्क्षहसा परमो धर्म का संदेश दिया। इस पवित्र धरती पर पूर्ण शराबबंदी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। बिहार को अब शराबबंदी की तरह सरकार शाकाहारमय बनाए। इस प्रयास से बिहार आदर्श राज्य में गिना जाएगा। नालंदा के लिए निकल पड़े
जैन संत सागर महाराज और प्रभाकर सागर महाराज तीन दिनों के पटना प्रवास के बाद शुक्रवार की सुबह पदयात्रा कर नालंदा के लिए निकल पड़े। जाने से पहले जैन संतों ने लंगूर गली में नवनिर्मित प्राचीन जैन मंदिर में पूजन एवं दर्शन किया। पटना एवं पटना सिटी क्षेत्र के कई जन मंदिरों में संतों ने प्रार्थना किया। मुनि प्रभाकर सागर जी महाराज ने कहा कि आजकल संयुक्त परिवार बिखरता जा रहा है। एकल परिवार कई चुनौतियों से जूझ रहा है। जब पूरा परिवार एक छत के नीचे होता था तब सभी एक दूसरे से सुख दुख में साथ होते थे। उन्होंने शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग और प्राणायाम करने को जरूरी बताया। धन का सदुपयोग सेवा कार्य में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज को प्रेरणा देते हुए कहा कि बड़े-बुजुर्गों का अनुभव और युवाओं की शक्ति ही सृष्टि बदलने का क्षमता रखता है। इस दौरान अशोक जैन छाबड़ा, प्रवीण जैन, धीरज जैन सेठी, सुबोध जैन पहाडिय़ा, पंकज जैन, राहुल जैन समेत अन्य जैन श्रद्धालु सक्रिय रहे।

24 को कुंडलपुर में होगा केशलोंचमीडिया प्रतिनिधि प्रवीण जैन ने बताया कि जैन आचार्य प्रमुख सागर जी का केशलोंच 24 मई को नालंदा स्थित कुण्डलपुर तीर्थ पर सम्पन्न होगा। इसमें दिगंबर जैन संत अपने हाथों से स्वयं के सिर-दाढ़ी के बालों को खींचकर निकालेंगे।

Posted By: Inextlive