- घर बंद कर गए थे चंपारण, पीछे से चोरों ने लगी दी घर से सेंध

- सोने के गहने, चांदी के सिक्के तथा अन्य सामान चोरी, पुलिस को करीबी पर शक

PATNA@next.co.in

PATNA:

पुलिस की लाख सक्रियता और तमाम तकनीकों को धता बताते हुए अपराधी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अपराधियों का साहस इतना बढ़ गया है कि पुलिस थाने के आसपास वारदात को अंजाम देखर फरार हो जा रहे हैं और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती। ताजा मामला चौक थाना क्षेत्र का है। यहां के चौकशिकारपुर पुलिस चौकी से महज 75 गज की दूरी पर स्थित एक व्यवसायी के बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने लगभग सात लाख की संपत्ति चोरी कर ली। गृहस्वामी चंपारण के बैरगनिया गए हुए थे। पड़ोसियों की सूचना पर देर शाम स्वजन पहुंचे। चौक थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी से छानबीन कर रही है। प्रथम ²ष्टया पुलिस को किसी करीबी पर शक है।

गए थे चंपारण

व्यवसायी बिट्टू जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि चंपारण स्थित बैरगनिया में हो रहे अष्टजाम में शामिल होने के लिए बुधवार को बहन के साथ घर में ताला बंद कर तीन बजे निकले। चार दिन पहले ही अन्य स्वजन बैरगनिया के लिए जा चुके थे। गुरुवार की सुबह पड़ोसियों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देख मोबाइल पर सूचना दिया। इसके बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे मालसलामी में रहने वाले दामाद विजय जायसवाल पत्नी दीपमाला जायसवाल के साथ चौकशिकारपुर पहुंची। उन्होंने चौक थाना में चोरी की सूचना दी।

चौक थाना के दारोगा सुदेश्वर पासवान जांच करने पहुंचे। स्वजनों ने देखा कि मुख्य द्वार पर ताला गायब था। वहीं अंदर के तीनों कमरे के सामान बिखरे थे। आलमीरा का लॉकर टूटा मिला। साथ ही कमरे में रखे ट्रंक से भी चोरों ने गहने और रुपए चोरी किए। दामाद विजय ने बताया कि उनका घर मालसलामी में बन रहा है इस कारण उन्होंने अपना आलमीरा यहीं रखा था।

फुटेज खंगाल रही पुलिस

गृहस्वामी के अनुसार चोरों ने लगभग छह लाख के 12 भर सोने के गहने, 70 हजार रुपए, चांदी के सिक्के तथा अन्य सामान चोरी किया है। चोरी गए सामानों की कीमत लगभग सात लाख है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरों की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष गौरीशंकर गुप्ता ने बताया कि जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।

Posted By: Inextlive