परासी थाना क्षेत्र की वारदात पेट्रोल छिड़क घर में लगाने के बाद बाहर से बंद कर दिया था दरवाजा महिला का पति शराब के साथ पांच दिन पहले भेज दिया गया था जेल आरोपित गिरफ्तार

पटना (ब्यूरो)। अरवल जिले के परासी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। घर में छोटी बेटी संग रह रही महिला से दुष्कर्म के प्रयास में असफल होने पर आरोपित ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी। इस घटना में झुलसने से महिला (32) की मौत हो गई, जबकि उसकी सात वर्षीया बेटी 80 प्रतिशत जल गई है। उसका इलाज चल रहा है। घटना सोमवार देर रात की है। महिला का पति पांच दिन पहले आठ लीटर देसी शराब के साथ पकड़े जाने के बाद जेल भेज दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपित नंद कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही गोपी महतो का पुत्र नंद कुमार महतो महिला पर गंदी निगाह रखता था। पति की अनुपस्थिति में अकेली पाकर उसने छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी थी। जिसका महिला विरोध करती थी। फिर भी वह रात में उसके घर के बाहर आ धमकता था। विरोध के बाद लौट जाता था। सोमवार की रात वह शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा और घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।

पेट्रोल छिड़क लगाई आग
महिला ने किसी तरह अपना बचाव करते हुए उसे घर से धक्का देकर बाहर निकाला और दरवाजा बंद कर लिया। इस खुन्नस में आरोपित अपने घर गया और बाइक से पेट्रोल निकालकर पुन: उसके घर लौट आया। महिला के पक्के मकान की छत फूस की थी। आरोपित ने पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। इसके बाद घर का दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गया। रात की वजह से गांव वाले देर से पहुंचे। आग से धधकता छप्पर मां-बेटी पर गिर गया। दोनों के शरीर में आग लग गई। चीख-पुकार सुन ग्रामीण पहुंचे, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर मां-बेटी को किसी तरह घर से बाहर निकाला गया।

प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर
उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल ले गए। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मां की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मंगलवार की सुबह पहुंची परासी थाने की पुलिस ने ग्रामीणों की निशानदेही पर आरोपित नंद कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

Posted By: Inextlive