बस स्टैंड में लगेगी अपडेटेड किराया सूची.


पटना (ब्यूरो)। बांकीपुर बस स्टैंड से राज्य के विभिन्न शहर के यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। यात्रियों से अब बस कंडक्टर अधिक किराया नहीं वसूल सकेंगे। बताते चलें कि सरकार द्वारा निर्धारित दर से ज्यादा किराया कंडक्टर और खलासी के मिलीभगत से वसूली का खेल बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में पिछले कई माह से चल रहा था। इसकी शिकायत यात्रियों ने कई बार की। अब जाकर अधिकारियों की नींद खुली है और इस पर गंभीरता दिखाते हुए भाड़ा का रेट लिस्ट लगाने का फैसला किया गया है। सूत्रों की मानें तो बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के नए प्रशासक के। सिन्हा के ज्वाइन करने के बाद कई बदलाव होना प्रस्तावित है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि यात्री किराया में पारदर्शिता लाने के लिए बांकीपुर बस प्रतिष्ठान में विभिन्न शहरों के चलने वाले विभिन्न दर्जे के किराया की सूची जल्द ही लगा दिया जाएगा। पहले से लगी सूची अपडेटेड नहीं है। जिस वजह से यात्रियों को खासी परेशानी होती है। किराया सूची लगने के बाद यात्री उतना ही किराया कंडक्टर को देंगे जितना चार्ट में रहेगा। ये किराया अनुबंधित बसों पर भी लागू होगा। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
एलईडी स्क्रीन में भी दिखेगा किराया अधिकारियों ने बताया कि परिवहन निगम की जिस बस में एलईडी स्क्रीन लगा है। उसमें डिस्प्ले के माध्यम से बसों का किराया दिखाया जाएगा। साथ ही जिस बस में एलईडी स्क्रीन नहीं लगा है। ऐसे बसों में किराया चार्ट टांगा जाएगा। जिसे पढ़ कर यात्री टिकट ले सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि अनुबंधित बसों में भी किराया चार्ट टांगा जाएगा। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अपडेटेड किराया सूची जल्द ही लगा दी जाएगी। इससे यात्रियों को लाभ होगा और बसों में अधिक किराया लेने का खेल भी बंद होगा। - सन्नी सिन्हा, प्रशासक, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम

Posted By: Inextlive