भाजपा उतरी सड़क पर पार्टी कार्यालय के बाहर दिया धरना सीएम नीतीश कुमार को घेरा

पटना (ब्यूरो)। महागठबंधन की नयी सरकार जब शपथ ले रही थी तब भाजपा सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रही थी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रदेश के तमाम बड़े नेता शामिल थे।
बुधवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय के बाहर वीरचंद्र पटेल पथ पर महाधरना दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष डा। संजय जायसवाल ने महाधरना में कहा कि नीतीश कुमार महागठबंधन की सरकार बनाकर राजद को हड़पने की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में फंसे लालू परिवार का जेल जाना तय है। नीतीश कुमार को लगता है कि तेजस्वी और उसके पूरे परिवार के जेल जाने के बाद राजद पर अपना एकछत्र राज स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विश्वासघात से बिहार दुखी है।
बिहार में जंगलराज की हुई वापसी : नित्यानंद राय
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि नीतीश और तेजस्वी के गलत गठजोड़ की सरकार बनते ही जंगलराज की वापसी हो गई है। बिहार में आतंक का राज और रंगदारी वसूलने वाले कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। बहुत दुख की बात है कि नीतीश कुमार को तिरंगे में चांद प्यारा लगने लगा है। राय ने कहा कि बिहारवासियों को नीतीश कुमार पर नहीं नरेन्द्र मोदी पर भरोसा है। वे बिहार को गुंडाराज में कभी बदलने नहीं देंगे।

नाश मनुष्य पर छाता
केंद्रीय मंत्री राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। नीतीश कुमार को समता काल से अबतक भाजपा ने सदैव प्रमुखता से आगे बढ़ाया है। केंद्र में मंत्री और पांच बार मुख्यमंत्री बनाया लेकिन भाजपा ही नहीं, बिहार की जनता के नीतीश से विश्वासघात किया।

दिन में सपने देख रहे नीतीश : तारकिशोर प्रसाद
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार अपने आप को पीएम मैटेरियल समझ रहे है। उनके लोग उन्हें दिन में सपने दिखा रहे है। नीतीश कुमार ने अपनी महत्वकांक्षाओं कारण बिहार के विकास को रोकने का काम किया। प्रधानमंत्री बनने के ख्वाब ने नीतीश को अपने सिद्धांतों और वसूलों से पीछे हटने को मजबूर कर दिया। नीतीश सरकार में शामिल रहे भाजपा कोटे के पूर्व मंत्रियों रेणु देवी, राम सूरत राय और आलोक रंजन झा ने हर काम में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया।
पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र सांसद राम कृपाल यादव ने कहा कि तेजस्वी समेत सम्पूर्ण लालू परिवार भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े कारनामों में जेल जाना तय है। राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के खिलाफ 2024 के लोकसभा चुनाव में 40 के 40 सीट जीतकर और 2025 के चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

Posted By: Inextlive