दिसंबर के पहले पखवाड़े में चौबीसों घंटे संचालित किया जाएगा कंट्रोल रूम सड़क सफाई संप हाउस कूड़ा उठाव आदि सभी शिकायतों का किया जाएगा समाधान

पटना (ब्यूरो)। पटना वासियों के लिए बड़ी खबर है। पटना नगर निगम अब शहरवासियों की शिकायतें चौबीसों घंटे लेने की तैयारी कर चुका है। इसके लिए इनकम टैक्स गोलंबर के पास ही निगम का डेडीकेटेड कंट्रोल रूम बनकर तैयार हो गया है। इसमें कुछ नए फीचर एड किये जा रहे हैं। ताकि एक छत के नीचे ही सभी समस्याओं का संपूर्ण निदान होगा। पटना नगर निगम की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 15 दिसंबर ,2022 तक यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। हालांकि अभी भी निगम का कंट्रोल रूम दिन के वर्किंग आवर में निगम के हेडक्वार्टर से संचालित किया जा रहा है। अब इनकम टैक्स के नए भवन में यहां चौबीसों घंटे शिकायत की सुविधा दी जा रही है।

हर शिकायत का होगा समाधान
जब चौबीसों घंटे शिकायत ली जाएंगी तो पटनाइट्स की समस्याओं का समाधान भी जल्द मिलने की उम्मीद है। साथ ही शिकायत या अपने क्षेत्र की समस्याएं दर्ज करने करने के लिए अलग-अलग माध्यम भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें ईमेल, फोन कॉल, मैसेज और व्हाट्सअप आदि सुविधाएं होंगी। सफाई, वाटर लीकेज, सर्टिफिकेट ,लाइट, मैनहोल, पानी, फागिंग आदि संबंधित शिकायतें जो निगम की ओर से दी जा रही है, के बारे में शिकायतें दर्ज की जाएगी। जल्द ही अधिकृत अधिकारियों एवं स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इस बाबत निगम की ओर से उन्हें बेहतर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

सभी अंचल के लिए डेस्क
निगम का कार्यक्षेत्र और क्षेत्र भी व्यापक है, लिहाजा सभी छह अंचलों के लिए अलग-अलग डेस्क तैयार किया जाएगा। पटना के सभी छह अंचल के लिए यह सेंटर कार्य करेगा। हर अंचल के लिए अलग -अलग टीम भी होगी। व्हाट्सअप चैट बोर्ड के लिए अभी टेंडर किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अभी भी कंट्रोल रूम काम कर रहा है लेकिन चौबीसों घंटे यह सुविधा मिलने से सुविधा का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी। निगम की ओर से यह भी प्लान किया जा रहा है कि नए कंट्रोल रूम से प्रतिदिन कूड़ा गाडिय़ों की ट्रैकिंग समेत अन्य सुविधाओं पर भी रहेगी नजर रखी जा सकेगी।

हेल्पलाइन से बढ़ा दायरा
निगम की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है कि शहर में कूड़ा प्वाइंट को स्थायी तौर पर हटाना है। इसे लेकर पूर्व घोषित योजना के मुताबिक हर अंचल में कूड़ा प्वाइंट का सर्वे किया जा रहा है। इसके उपरांत जहां भी कूड़ा प्वाइंट मिलेगा वहां स्थानीय लोगों को चिन्हित कर उन्हें फूल-माला पहनाया जाएगा। वहीं, निगम के कमिश्नर अनिमेश कुमार पराशर ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर हमें यह सूचना मिल रही है कि कुछ जगहों पर कचरा गाडिय़ां नहीं पहुंच रही है। यह सुचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में कलेक्शन बढ़ाया जा रहा है। इसका अच्छा रिजल्ट मिल रहा है। बेहतर ढंग से कूड़ा उठाव हो रहा है। पटना नगर निगम जल्द ही चौबीसों घंटे कंट्रोल रूम की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस कंट्रोल रूम तक पटनावासी फोन, ईमेल, व्हाट्सअप आदि से अपनी समस्याएं, शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

Posted By: Inextlive