PATNA : संजय गांधी जैविक उद्यान में फ्राइडे से आम लोग जानवरों का दीदार कर सकेंगे। पटना जू को अब सिर्फ सुबह में ही नहीं, बल्कि पूरे दिन खोला जाएगा। दर्शक सुबह छह बजे से शाम के छह बजे तक चिडि़याघर घूम सकेंगे। लॉकडाउन के बाद 14 मार्च से करीब पांच महीने तक पटना जू पूरी तरह बंद रहा। बाद में ढील मिलने पर सुबह में केवल टहलने वालों के लिए जू खोला गया था। अब तक आम लोगों को जानवरों के क्षेत्र में प्रवेश की इजाजत नहीं थी। टहलने वाले केवल वनस्पति क्षेत्र में ही सैर कर सकते थे।

बिना मास्क नो एंट्री

जू के अधिकारियों के मुताबिक प्रवेश से पहले हर दर्शक का तापमान इंफ्रारेड से जांच किया जाएगा। तापमान सामान्य रहने पर ही उन्हें उद्यान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। किसी प्रकार के संक्रमण जैसे खांसी, जुकाम और बुखार का लक्षण पाये जाने पर उन्हें उद्यान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश करते समय फेसमास्क, गमछा, रूमाल, साफ कपड़ा इत्यादि से मुंह और नाक ढकना होगा। सभी दर्शकों को सैनिटाइजर और पानी की बोतल साथ लेकर आना जरूरी होगा। पानी की बोतल प्लास्टिक की नहीं होनी चाहिए।

काउंटर से ले सकेंगे मास्क

जो लोग मास्क नहीं लाए होंगे, वे काउंटर से मास्क खरीद सकेंगे। काउंटर पर मास्क उपलब्ध है। संक्रमण से बचाव के लिए एक जगह पर भीड़ लगाना मना होगा।

ये सुविधाएं रहेंगी बंद

सुरक्षा की दृष्टि से कैंटीन, ट्रैकलेस ट्रेन तथा बैट्रीचालित वाहन का परिचालन बंद रहेगा।

ये सुविधाएं मिलेंगी

अब लोग जू में नौकायन का आनंद उठा सकेंगे। इसका संचालन आधी क्षमता के साथ किया जाएगा। थ्री-डी थिएटर में क्षमता से 50 फीसद लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मछलीघर, निशाचर-घर और सांप घर में एक बार में 10 लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

अगले हफ्ते से ऑनलाइन टिकट

दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट की भी व्यवस्था की जा रही है। यह सुविधा अगले हफ्ते से मिलेगी।

काउंटर पर कैशलैस भुगतान कर टिकट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। दर्शक इस सुविधा से भी टिकट ले सकेंगे। एक जगह पर भीड़ लगाने पर रोक होगी।

-अमित कुमार, निदेशक, पटना जू

Posted By: Inextlive