- अमित शाह से उनके घर पर पशुपति पारस और प्रिंस राज ने की मुलाकात

PATNA: एक जमाने में अपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान कहने वाले चिराग पासवान को अब भाजपा का अंदाज चुभने लगा है। लोजपा को तोड़कर बागी बने चाचा पशुपति पारस और चचेरे भाई प्रिंस राज को भाजपा जिस अंदाज में महत्व दे रही, वह चिराग पासवान के लिए साफ संकेत है कि एनडीए में अब उनके रास्ते बंद होने को हैं। भाजपा अब सार्वजनिक रूप से चिराग पासवान को एक के बाद एक इंजेक्शन दे रही।

बीजेपी से दूर हो रहे चिराग

एक दिन पहले सांसद प्रिंस राज के पिता रामचंद्र पासवान की पुण्यतिथि पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की मौजूदगी रही। वहीं चिराग ने भी रामचंद्र पासवान की पुण्यतिथि पर अलग से कार्यक्रम किया था। गुरुवार को पशुपति कुमार पारस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर भेंट की। आधे घंटे तक की इस मुलाकात में रामचंद्र पासवान के पुत्र और लोजपा (पारस) के बिहार अध्यक्ष सांसद प्रिंस राज भी मौजूद थे। इस मुलाकात से फिर चिराग को भाजपा ने इंजेक्शन दे दिया है। ऐसे में भाजपा से चिराग अब दूर हो रहे, यह साफ संकेत है। पशुपति पारस की इस मुलाकात को उनकी पार्टी वैसे शिष्टाचार मुलाकात बता रही है। यह कहा जा रहा कि केंद्र में मंत्री बनने के बाद पशुपति पारस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की थी। मंत्री बनने के बाद उनकी अमित शाह से यह औपचारिक मुलाकात थी।

Posted By: Inextlive