-समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से 2.82 मीटर ऊपर

PATNA: प्रदेश में बाढ़ का कहर जारी है। कई नए इलाके बाढ़ की चपेट में आ रहे हैं। नावों की कमी के कारण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकलने में भारी परेशानी हो रही है। मुजफ्फरपुर और दरभंगा में फिर दो बांध टूट गए। इससे दर्जनों गांवों में पानी फैल गया। पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में नदियों का जलस्तर घट रहा है। कुछ जगहों पर नदियां कटाव कर रही हैं। बाढ़ के पानी में डूबने से 13 की मौत हो गई। दरभंगा के 7, पूर्वी चंपारण के 3, गोपालगंज, मधुबनी और शिवहर के एक -एक लोग हैं।

नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी

खगडि़या में बागमती, कोसी और बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हालांकि, इनके जलस्तर में गिरावट के संकेत हैं। सुपौल में कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। कोसी तटबंध के बीच बसे गांवों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। जिले की कई पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। मधेपुरा जिले के आलमनगर व चौसा के करीब 54 गांवों में बाढ़ का पानी स्थिर है।

Posted By: Inextlive