-चार देसी पिस्टल, चार मैगजीन, चार कारतूस और नकदी बरामद

-कैमूर के रामगढ़ जिले का गुंजन उपाध्याय पिस्टल लेने पहुंचा था मुंगेर

- 45 हजार रुपये की दर से पिस्टल खरीदने की हुई थी डील

MUNGER: बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर आदर्श थाने की पुलिस ने शनिवार को दौलतपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास से हथियार तस्कर और खरीदार को दबोच लिया। उनके पास से चार देसी पिस्टल, चार कारतूस और चार मैगजीन बरामद की गई है। पुलिस को उनकी निशानदेही पर दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार करने व दो मिनी गन फैक्ट्री का भी पर्दाफाश करने में भी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि दौलतपुर में हथियारों की खरीद-फरोख्त होनी है। इस पर थानाध्यक्ष रंजन कुमार पहुंचे और दोनों को हथियारों के साथ दबोच लिया। उनकी पहचान पर मुफस्सिल थाने के बाकरपुर के हथियार तस्कर मु। खुर्शीद और कैमूर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के खरीदार गुंजन उपाध्याय के रूप में हुई है। तस्कर के पास से एक मोबाइल व बाइक भी जब्त की गई है। पूछताछ के दौरान खुर्शीद ने हथियार की तस्करी में शामिल मु। रजी अहमद और मु। चांद के नाम बताए। मुफस्सिल थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार ने बाकरपुर में छापेमारी कर उन दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया। खुर्शीद ने पुलिस को 45 हजार रुपये की दर से 1.80 लाख रुपये में चार पिस्टल की खरीद की डील होने की जानकारी दी।

दो मिनी गन फैक्ट्री से उपकरण जब्त

मो। रजी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दो मिनी गन फैक्ट्री के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने वहां छापेमारी कर एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, दो बेस मशीन सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए हैं।

शाहाबाद से पहुंच रहे खरीदार

पंचायत चुनाव को देखते हथियारों की तस्करी में अचानक वृद्धि हो गई है। शाहाबाद प्रमंडल तक के लोग हथियार की खरीदारी करने मुंगेर पहुंच रहे हैं। 20 जुलाई को भी बरियारपुर पुलिस ने भोजपुर जिले के पांच तस्करों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था।

तस्करी रोकने के लिए खुलेगा पिकेट

मुफस्सिल थाना क्षेत्र हथियार तस्करी व शराब की तस्करी के मामले बराबर सामने आ रहे हैं। एसपी जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि इन पर अंकुश लगाने के लिए वहां पुलिस पिकेट खोलने की कवायद शुरू कर दी गई है।

पंचायत चुनाव को लेकर हथियार तस्करों की सरगर्मी बढ़ गई है। यहां से दूसरे जिलों के बदमाश हथियार की खरीदने पहुंच रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए सभी थानाध्यक्षों और पदाधिकारियों को चौकस रहने को कहा गया है। वाहन जांच अभियान तेज कर दी गई है।

-जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी, एसपी, मुंगेर

Posted By: Inextlive