-निर्मली से सरायगढ़ की दूरी 298 किमी से घटकर 22 किमी ही रह जाएगी

PATNA : कोसी नदी पर करीब दो किमी लंबा रेल पुल बनकर तैयार हो गया है। ट्यूजडे को इस रेल पुल पर पैसेंजर ट्रेन चलाकर ट्रायल किया गया। ट्रायल सफल रहा। पुल बनने से निर्मली से सरायगढ़ की 298 किमी की दूरी महज 22 किमी रह जाएगी। पहले निर्मली जाने में 8 से 10 घंटे का समय लगता था। इस पुल के बन जाने से अब आधे घंटे में वहां पहुंचा जा सकता है।

17 साल में हुआ पुल का निर्माण

ज्ञात हो कि 6 जून 2003 में तत्कालीन पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने इस पुल का शिलान्यास किया था। 17 साल बाद पुल का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। इसके निर्माण में 516.02 करोड़ की लागत आई है। मुख्य जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बिहार में कोसी नदी की धाराओं का विस्थापन काफी तेजी से होते रहा है। पिछले 100 साल में 150 किमी का विस्थापन हो चुका है। दरभंगा-समस्तीपुर-खगडि़या-मानसी-सहरसा होते हुए निर्मली से सरायगढ़ तक जाना होता था। 298 किमी की दूरी तय करनी होती थी। इस पुल के निर्माण होने से निर्मली से सहरसा की दूरी सिमटकर 22 किमी हो जाएगी।

Posted By: Inextlive