PATNA: विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि नई सरकार जनता की कसौटी पर खरी उतरेगी। विधान परिषद के 196वें सत्र को संबोधित करते हुए गुरुवार को सभापति ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जनता, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधानमंडल के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनादेश है कि राज्य में विकास, शिक्षा, रोजगार, शांति व्यवस्था एवं पर्यावरण आदि को बढ़ावा मिले। ऐसे में हम आशा करते हैं कि दलगत भावना से ऊपर उठकर, हम सभी एकजुट होकर जनता की सेवा एवं सहायता करेंगे।

विधानमंडल से दो विधेयक पास

विधानमंडल ने बिहार कराधान विवादों का समाधान अध्यादेश 2020 और बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद संशोधन अध्यादेश 2020 पास किया। विधान परिषद में प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय ने विधेयक पेश किया। उधर, राज्यपाल फागू चौहान के अभिभाषण पर विधान परिषद में संशोधन शाम चार बजे तक देने की समय सीमा सदस्यों को दी गई। शुक्रवार को वाद-विवाद और सरकार का जवाब होगा।

विधान परिषद में चार अध्यासीन सदस्य मनोनीत

बिहार विधानपरिषद के 196वें सत्र के पहले दिन कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने चार विधान पार्षदों को अध्यासीन सदस्य मनोनीत करने की घोषणा की। भाजपा के पटना शिक्षक स्नातक क्षेत्र से जीतकर आए प्रो। नवल किशोर यादव, सारण शिक्षक सीट से जीत कर आए केदार नाथ पांडेय, तिरहुत शिक्षक सीट से जीत कर आए प्रोफेसर संजय कुमार सिंह और राजद के विधान पार्षद रामचंद्र पूर्वे को अध्यासीन सदस्य बनाए गए हैं। ज्ञात हो कि कि सदन में सभापति अवधेश नारायण सिंह की अनुपस्थिति में बतौर पीठासीन सभापति नव मनोनीत सदस्य सत्र चलाने को सुचारू रूप से चलाने का काम करेंगे। आखिरी में शोक प्रकट के साथ शुक्रवार 11 बजे तक के लिए सत्र स्थगन की घोषणा की गई है।

18 के नाम शोक प्रकट

विधानमंडल में भारत रत्‍‌न पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, डॉ। रघुवंश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह, कपिलदेव कामत, रामजी दास ऋषिदेव, मो। इसराइल राईन, रवींद्र कुमार तांती, रामदेव राय, आनंदी प्रसाद यादव, धर्मेद्र यादव, हाजी हुसैन अंसारी, विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता, मृदुला सिन्हा, सत्यनारायण सिंह, गणेश प्रसाद यादव और अहमद पटेल के नाम शोक प्रकट किया गया।

Posted By: Inextlive