-नौबस्ता में हुआ हादसा, हनुमंत बिहार निवासी थी मृतका

-बच्चे की फीस जमा कर घर जा रही थी, बाइक की टक्कर से मौत हुई

KANPUR : नौबस्ता में शनिवार को दो नाबालिगों के बाइक स्टंट में महिला की जान चली गई। दोनों तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए जा रहे थे। इस दौरान बाइक को संभाल नहीं पाए और पैदल जा रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर उसको हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पैदल घर जा रही थी

नौबस्ता के हनुमंत बिहार में रहने वाले सुनील यादव प्राइवेट जॉब करते है। उनके परिवार में पत्नी पूनम (30) और बेटा अनुभव है। अनुभव गड़रियन पुरवा स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। शनिवार को पूनम बच्चे की फीस जमा करने के लिए स्कूल गई थी। वो वहां से पैदल ही घर जा रही थी, कि तभी तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे से भड़के राहगीरों ने बाइक सवार दोनों लड़कों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जबकि पूनम को हास्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों किशोर तेज रफ्तार में बाइक चलाने के साथ ही स्टंट भी कर रहे थे। दोनों तेज रफ्तार में बाइक को संभाल नहीं पाए। इधर पूनम की मौत का पता चलने पर घर में कोहराम मच गया।

Posted By: Inextlive