प्रभु यीशु मसीह के आगमन की खुशियां मसीही समाज मध्य रात में मनाएगा

ALLAHABAD: प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की खुशियां दस्तक दे चुकी हैं। मसीही समुदाय के लोग रविवार को मध्य रात प्रभु के आगमन का सेलिब्रेशन विशेष प्रार्थना व क्रिसमस केक काटकर मनाएंगे। पूर्व संध्या पर ऑल सेंट्स कैथड्रल यानि पत्थर गिरिजाघर, सेंट जोसेफ कैथड्रल, सेंट्रल मैथोडिस्ट, जमुना चर्च, सेंट पॉल्स व सेंट पीटर्स चर्च सहित अन्य चर्चो में आकर्षक रोशनी की सजावट को देखने के लिए समुदाय के तमाम लोग देर शाम तक मौजूद रहे।

50 किलो का काटेंगे केक

चर्चो में जन्मोत्सव की खुशियां मनाने का दौर रात दस बजे से शुरू होगा। सेंट जोसेफ कैथड्रल चर्च में 50 किलो का केक काटा जाएगा तो इलाहाबाद डायसिस के बिशप डॉ। राफी मंजरी क्रिसमस संदेश देंगे। म्योराबाद स्थित सेंट पीटर्स चर्च में फादर प्रवीण मैसी विशेष प्रार्थना सभा के जरिए समुदाय को संबोधित करेंगे। चर्च परिसर में आतिशबाजी होगी। सेंट पॉल्स चर्च में मिड नाइट सर्विस के साथ 25 किलो का क्रिसमस केक काटकर खुशियां मनाई जाएंगी। हाईकोर्ट पानी टंकी के पास स्थित सेंट पैट्रिक चर्च में प्रभु यीशु मसीह के आगमन की खुशी में 25 किलो का केक काटा जाएगा। जमुना चर्च में फादर आशीष खंडेलवाल की अगुवाई में गिफ्ट के साथ आठ फिट का क्रिसमस ट्री सजाया जाएगा।

बाक्स

क्रिसमस मेला में मचाया धमाल

महर्षि अरविंद विद्या निकेतन में शनिवार को बच्चों की ओर से क्रिसमस मेला का आयोजन किया गया। उद्घाटन बाल कहानीकार गोविंद श्रीवास्तव ने किया। स्टॉल पर खानपान के इंतजाम किए गए थे। साथ ही क्रिसमस ट्री का गिफ्ट पाने के लिए होड़ लगी रही। प्रधानाचार्य डॉ। संतोष श्रीवास्तव ने बच्चों को क्रिसमस संदेश देते हुए सभी से प्रभु यीशु मसीह के संदेश को जीवन में उतारने पर जोर दिया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक भोला उपाध्याय ने किया।

Posted By: Inextlive