-11 वर्षीय बच्चे के कंधे से पार हो गई गोली, गंभीर घायल

-कई अभिभावकों ने अस्पताल में किया हंगामा, गिरफ्तारी की मांग

MEERUT: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई एक पार्टी हादसे में बदल गई। बेटी की जन्म की खुशी में एक मकान में पार्टी आयोजित हो रही थी। इसी दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक बच्चे को गोली लग गई, जिससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। मौके से सभी भाग गए। बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तमंचे में गोली फंस गई

पल्लवपुरम फेज टू स्थित मकान में मनोज का परिवार रहता है। वे दिल्ली में काम करते हैँ और उनकी पत्‍‌नी की तीन वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घर में दादी बाला मनोज के तीन बच्चे अभय, गुनगुन और शुभम रहते हैं। पड़ोस में रहने वाले सूरज के घर बेटी का जन्म हुआ था। मंगलवार शाम को उसी की खुशी में डीजे पार्टी चल रही थी। उस समय तमाम पड़ोस के बच्चे खेल रहे थे। तभी एक युवक ने फाय¨रग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली तमंचे में फंस गई। युवक तमंचे को सही कर रहा था कि गोली चल पड़ी और अभय के कंधे के आरपार निकल गई। गोली लगते ही 11 वर्षीय अभय चिल्लाते हुए जमीन पर गिर पड़ा। हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। पार्टी में आए मेहमान भागने लगे। तुरंत अभय को ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

बच्चा खतरे से बाहर

बच्चे को गोली लगने से दादी का रो-रो के बुरा हाल था। डॉक्टरों ने बच्चे की जान को खतरे से बाहर बताया है। एक्सरे से स्थिति स्पष्ट हो गई। गोली फेफड़े पर नहीं लगी, नहीं तो बच्चे की जान भी जा सकती थी। वहीं इस दौरान काफी संख्या में मोहल्ले के अभिभावक अस्पताल पहुंच गए। वे फायरिंग करने वाले की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पल्ल्वपुरम थाना के एसओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। यदि आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive