बीजू जनता दल के राज्यसभा सदस्य सस्मित पात्रा ने बुधवार को केंद्र से बहुप्रतीक्षित महिला आरक्षण विधेयक को जल्द पारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हकीकत में महिला सशक्तीकरण तभी हासिल होगा जब महिला आरक्षण विधेयक पारित होगा।


नई दिल्ली (एएनआई)। बीजू जनता दल (BJD) के संसद सदस्य डॉक्टर सस्मित पात्रा ने बुधवार को राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग उठाई। शून्यकाल के दौरान, डॉक्टर पात्रा ने संसद में विधेयक पारित करने के लिए अपने नेता, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की लंबे समय से लंबित मांग को दोहराया। अपनी मातृभाषा ओडिया में बोलते हुए, डॉक्टर सस्मित पात्रा ने कहा कि भारत में विशेष रूप से आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के संदर्भ में महिला सशक्तीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। 80 लाख से अधिक महिलाओं को सशक्त बनाया गया


महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण पर बोलते हुए, डॉक्टर सस्मित पात्रा ने कहा कि बीजेडी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए अपनी 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की थीं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक उनके राजनीतिक सशक्तीकरण को सुनिश्चित करने के लिए एक आवश्यक शर्त है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को ओडिशा के मिशन शक्ति कार्यक्रम के मॉडल का अध्ययन करना चाहिए, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 80 लाख से अधिक महिलाओं को सशक्त बनाया गया है।हर सत्र में बीजद महिला आरक्षण के मुद्दे को उठाएगा

डॉक्टर सस्मित पात्रा ने यह भी प्रस्ताव दिया कि जिस तरह केंद्र सरकार ने ओडिशा की ममता योजना को एक बेंचमार्क मॉडल मानकर राष्ट्रीय मातृत्व योजना लाई थी। ठीक उसी तरह इसे ओडिशा के मिशन शक्ति की तर्ज पर एक राष्ट्रीय कार्यक्रम भी लाना चाहिए। ओडिशा सीएम नवीन पटनायक ने पिछले साल बीजद के 24 वें स्थापना दिवस का जश्न मनाते हुए कहा था कि अब से लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं के हर सत्र में बीजद महिला आरक्षण के मुद्दे को उठाएगा और राष्ट्रीय दलों को लगातार याद दिलाएगा।

Posted By: Shweta Mishra