12 सदस्यों में बीजेपी के छह सदस्य विजयी, कड़ी सुरक्षा में हुआ मतदान

कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता ने भी किया मतदान

ALLAHABAD: नगर निगम की कार्यकारिणी में अपना दबदबा बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व नेताओं ने सोमवार को जो गुणा-गणित की थी व मंगलवार को सफल साबित हुई। 12 सदस्यों वाली नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के छह पार्षद जीतने में सफल रहे। इसके साथ ही सपा के दो, कांग्रेस के दो और निर्दलीय दो पार्षद कार्यकारिणी चुनाव में विजयी रहे।

11 बजे शुरू हुई चुनाव की कवायद

कार्यकारिणी चुनाव के लिए मेयर अभिलाषा गुप्ता मंगलवार को दिन में 11 बजे सदन पहुंचीं। पार्षदों की मौजूदगी में कार्यकारिणी चुनाव के लिए पार्षदों के नाम का प्रस्ताव मांगा गया। भाजपा की ओर से आनंद अग्रवाल ने रतन दीक्षित, रोचक दरबारी ने कुसुमलता गुप्ता, जगमोहन गुप्ता ने श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, नीलम यादव ने ओपी द्विवेदी, साहिल अरोरा ने ऋषि निषाद व दीपक कुशवाहा ने अनिता कुशवाहा के नाम का प्रस्ताव रखा।

सपा से थे कुल चार प्रत्याशी

समाजवादी पार्टी से अजय यादव ने अतहर रजा लाडले, अनीस अहमद ने फजल खान, मिथिलेश सिंह ने आजाद अहमद और रंजीत निषाद ने उर्मिला यादव के नाम का प्रस्ताव दिया। कांग्रेस की ओर से रंजन कुमार ने मुकुंद तिवारी और एहतेशाम रिजवी ने जिया उबैद खान के नाम का प्रस्ताव दिया। निर्दलीय प्रत्याशी अखिलेश सिंह के नाम का प्रस्ताव मो। आजम और कमलेश सिंह के नाम का प्रस्ताव आनंद घिल्डियाल ने किया।

सभी ने फीट की थी गणित

कार्यकारिणी चुनाव को लेकर भाजपा, सपा, कांग्रेस के नेताओं व पदाधिकारियों ने पूरी गुणा-गणित लगा रखी थी। दोपहर दो बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें दो सांसद, तीन विधायक, तीन एमएलसी, 80 पार्षद और मेयर के साथ 88 मतदाताओं को मतदान करना था। इसमें सभी पार्षदों के साथ ही विधायकों ने भी मतदान किया। कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और शहर उत्तरी विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी ने मतदान किया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और सांसद श्यामाचरण गुप्ता मतदान करने नहीं पहुंच सके।

पांच चरणों में पूरी हुई प्रक्रिया

मतदान के बाद ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें पांच चरणों की मतगणना में भाजपा के पार्षद रतन कुमार दीक्षित, कुसुमलता गुप्ता, सुनीता श्रीवास्तव, ओपी द्विवेदी, ऋषि निषाद, अनिता कुशवाहा कार्यकारिणी चुनाव जीतने में सफल रहीं। सपा के अतहर रजा लाडले और आजाद अहमद ही चुनाव जीत सके। फजल खान और उर्मिला यादव चुनाव हार गई। कांग्रेस के मुकुंद तिवारी और जिया उबैद खान के साथ ही निर्दलीय पार्षद कमलेश सिंह व अखिलेश सिंह भी विजयी रहे। सभी निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ ही अन्य पार्षदों ने बधाई दी।

Posted By: Inextlive