पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं शामिल

- बीजेपी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक आज, सीएम के नाम का हो सकता एलान

RANCHI : राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला शुक्रवार को बीजेपी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक में हो जाएगा। इस बैठक के लिए केंद्र से बतौर पर्यवेक्षक जेपी नड्डा और विनय सहस्त्रबद्धे गुरुवार को ही रांची पहुंच चुके हैं। नए सीएम के नाम के एलान होने के पहले गुरुवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा के महज एक मैसेज के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद के दावेदार अर्जुन मुंडा के सुर बदल गए। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा- मैं सीएम पद की रेस से बाहर हैं। अगर पार्टी उन्हें सीएम बनने का ऑफर भी देती है तो वे इसे स्वीकर नहीं करेंगे।

बंद कमरे में दोनों के बीच बातचीत

पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का मैसेज लेकर केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा बुधवार को ही रांची आ गए थे। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे सीधे सर्किट हाउस स्थित अर्जुन मुंडा के आवास पर गए थे। यहां पहले से ही विधायक सरयू राय और अनंत ओझा मौजूद थे। हालांकि, जयंत सिन्हा और अर्जुन मुंडा के बीच बंद कमरे में आधे घंटे तक बातचीत हुई। इस बातचीत के बाद ही अर्जुन मुंडा ने सीएम पद की दावेदारी से अपने को अलग कर लिया। हालांकि, इस बाबत जयंत सिन्हा ने कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया।

राज्यसभा भेजे जा सकते हैं अर्जुन

इधर, यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा को राज्यसभा भेजा जा सकता है। केडी की सदस्यता खत्म होने के बाद राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव होना है। ऐसे में इस सीट से अर्जुन मुंडा पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं।

Posted By: Inextlive