- दीनदयालधाम में बरसे भाजपा अध्यक्ष, कहा हम बनाएंगे उत्तम प्रदेश

- बहुत पीछे चला गया प्रदेश, गरीबों की होगी भाजपा सरकार

मथुरा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मिशन उप्र पर हैं। बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की धरा पर आयोजित जनसभा में शाह सपा और बसपा पर जमकर बरसे। चाचा-भतीजे की सरकार से सपा पर हमला बोला, तो मायाराज को भ्रष्टाचार से घेरा। जनता से कहा कि सपा-बसपा को उखाड़ फेंकें। भाजपा आएगी, तो उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनाएगी। लगभग 18 मिनट के संबोधन में उन्होंने न कांग्रेस का नाम लिया और न पाकिस्तान पर बोले।

दीनदयालधाम में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशती के दौरान आयोजित जनसभा की शुरुआत अमित शाह ने पंडितजी के योगदान से शुरू की। उनके संस्मरण सुनाए और फिर बोले कि अब मैं उप्र की जनता से बात करना चाहता हूं। चाचा-भतीजे की सरकार प्रदेश को विकास के रास्ते पर नहीं ले जा सकती। शाह ने कहा कि पिछले पंद्रह साल से प्रदेश की जनता सपा-बसपा को चुन रही है। सपा से नाराज हो बसपा को लाती है और भ्रष्टाचारी बसपा से नाराज होकर सपा को। इस दौरान दूसरे प्रदेश कहां से कहां पहुंच गए। पानी, बिजली, रोजगार और सड़कों से गांव-गांव जुड़े, लेकिन उप्र में कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मैं जहां का रहने वाला हूं, वहां पानी के लिए 1200 फीट खुदाई करना होती है, पर विकास की धारा बह रही है। अभी जहां खड़ा हूं, वहां गंगा-यमुना जैसी पवित्र नदियां और संसाधन हैं, मगर यहां कुछ नहीं हुआ। जनता से संवाद के बीच तेवर धारदार करते हुए उन्होंने कहा कि अब सपा-बसपा को उखाड़ फेंको। एक बार भाजपा को मौका दो। भाजपा की सरकार किसी जाति विशेष की नहीं, बल्कि गरीबों की होगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुशासन को मिटाए बिना हम खुशहाल प्रदेश नहीं बना सकते। बेईमानी और गुंडागर्दी का खात्मा होना चाहिए। भाजपा यूपी को पंडित दीनदयाल के सपनों का प्रदेश बनाएगी। जनसभा को आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सांसद हेमामालिनी आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पंडितजी पर बनी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया।

मोदी सरकार पंडितजी के सिद्धांत पर चल रही

केंद्र और 13 प्रदेशों की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मशती वर्ष को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाएंगी। पार्टी को गरीबों से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि पंडितजी के सिद्धांत को सरल भाषा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास नारे के रूप में जोड़ दिया। केंद्र सरकार हर 15 दिनों में गरीबों के लिए योजनाएं बना रही है। जनधन से लेकर उज्जवला योजनाएं गरीबों के लिए हैं।

Posted By: Inextlive