महागठबंधन को ध्‍वस्‍त कर भारतीय जनता पार्टी और उसके एनडीए गठबंधन में देश के नक्‍शे पर अपने को और विस्‍तार दे दिया है। देश में भगवा परचम तेजी से फहरा रहा है और भाजपा और उसके सहयोगी दल तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने के साथ देश के कुल 17 राज्‍यों में अब भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार बन चुकी है। आइये जाने किन किन राज्‍यों में भाजपा का जलवा।

उत्तर प्रदेश: साल 2017 में ही चुनाव जीत कर सत्तासीन समाजवादी दल को पराजित कर प्रचंड बहुमत से उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अपनी सत्ता कायम की और योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद संभाला।
उत्तराखंड: कांग्रेस में बगावत होने के बाद 2017 में ही उत्तराखंड में चुनाव हुए और वहां भी भाजपा ने चुनाव जीत कर त्रिवेंद्र रावत को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया।
आंध्र प्रदेश: दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में भाजपा गठबंधन के साथ चंद्रबाबू नायडू सत्ता संभाल रहे हैं।
हरियाणा: साल 2014 के विधान सभा चुनावों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला और वहां मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री पद पर आसीन हैं।  
जम्मू कश्मीर: 2016 में हुए चुनावों में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर चुनाव जीता और पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट के साथ गठबंधन करके सरकार बनायी जिसकी मुख्यमंत्री बनीं महबूबा मुफ्ती।
राजस्थान: 2013 में भाजपा ने विधानसभा चुनावों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया और वसुंधरा राजे के नेतृत्व में सरकार बनायी।

गुजरात: ये राज्य एक तरह से भारतीय जनता पार्टी की पहचान बन गया है। 1998 से लगातार यहां भाजपा का वर्चस्व बना हुआ है 12 साल तक वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां के मुख्यमंत्री रहे और अब इस पद पर भाजपा से विजय रूपाणी मौजूद हैं।
मध्य प्रदेश: साल 2003 से मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है। इस समय शिवराज सिंह चौहान यहां मुख्यमंत्री के पद पर मौजूद हैं।
छत्तीसगढ़: आयुर्वेदिक डॉक्टर से राजनीतिक समस्याओं का इलाज करने वाले विशेषज्ञ बने रमन सिंह भी 2003 से राज्य में मुख्यमंत्री बने हुए हैं।

ये हैं भाजपा और उसके गठबंधन शासित राज्य

महाराष्ट्र: भले ही कई मुद्दों पर भाजपा और शिवसेना के बीच मतभेद सामने आता रहा हो लेकिन इसका असर महाराष्ट्र में इन दोनों के गठबंधन पर नहीं पड़ता और दोनों के सहयोग से भाजपा के देवेंद्र फणनवीस के नेतृत्व में सरकार चल रही है।

गोवा:
साल 2017 में गोवा के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस भले ही सबसे बड़े दल के रूप में उभरी मगर फिर भी सरकार नहीं बना सकी और भाजपा ने क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन करके मनोहर पर्रिकर को मुख्यमंत्री बना कर अपनी सत्ता कायम कर ली।
असम: 2016 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दस साल के शासन का अंत करते हुए भाजपा ने 86 सीटें जीत कर बहुमत हासिल किया और सर्वानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री घोषित किया।
अरुणाचल प्रदेश: 2016 में कांग्रेस से बगावत करके पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश के सदस्य बने पेमा खांडु और विधान सभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन करके उनकी पार्टी ने सरकार बनायी और वो बन गए मुख्यमंत्री।
मणिपुर: कांग्रेस इस छोटे से पूर्वोत्तरी राज्य में भी सबसे बड़ी पार्टी तो है पर सत्ता से दूर रह गयी और भाजपा गठबंधन ने यहां अपनी सरकार बना ली। यहां मुख्यमंत्री पद पर एन बीरेन सिंह विराजमान हैं।
झारखंड: 2014 में चुनाव जीत कर सत्ता में आयी भाजपा ने रघुवर दास को मुख्यमंत्री नियुक्त किया और इस तरह झारखंड को अपना पहला गैर आदिवासी मुख्यमंत्री मिला।
नागालैंड: नागालैंड में भी भाजपा का नागा पीपुल्स फ्रंट यानि एनपीएफ के साथ गठबंधन है और टी आर जीलैंग वहां पर मुख्यमंत्री हैं।
बिहार: आखिरकार बिहार में भी आ गयी भाजपा सरकार। बुधवार देर रात तक चली राजनीतिक उठापटक के बात गुरूवार 27 जुलाई 2017 को भाजपा और एनडीए समर्थित जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने पहले इस्तीफा देकर दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इस तरह कुल 17 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी का शासन कायम हो गया है।

Posted By: Molly Seth