RANCHI: झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी के बेटे मुन्ना मरांडी की जिस लड़की रीतू से पिछले दिन शादी हुई, वो छठी कक्षा की छात्रा है। उसकी उम्र महज 11 साल है। महगामा स्थित स्कूल के रजिस्टर में उसकी जन्म तिथि 25 जुलाई 2005 दर्ज है। इसको लेकर झारखंड की सियासत गर्म होती नजर आ रही है। विवाद का असर यह रहा कि सीएम रघुवर दास संथाल में रहने के बावजूद रिसेप्शन पार्टी से दूर ही रहे। इधर, कोडरमा जिला कांग्रेस ने राज्य महिला आयोग को नाबालिग से मुन्ना की शादी रचाने के बारे में भी खत लिखा है।

महिला आयोग पहुंची यौन शोषण पीडि़ता

इधर, मुन्ना मरांडी पर यौन शोषण मामले में पीडि़ता बुधवार को राज्य महिला आयोग रांची पहुंची और इंसाफ की गुहार लगाई है। उसने आयोग को मामले की जानकारी देते हुए न्याय दिलाने में मदद करने की मांग की है। वहीं, आयोग की अध्यक्षा डॉ महुआ माजी ने भी मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

पीडि़ता ने क्या बताया

पीडि़ता ने आयोग की अध्यक्षा के सामने अपने और मुन्ना मरांडी के संबध में पूरी जानकारी दी। बताया कि 2014 में वह मुन्ना मरांडी के संपर्क में आई थी। मुन्ना मरांडी शादी का वादा कर बार-बार शारीरिक संबंध बनाता रहा। झांसा दिया की पीडि़ता मैट्रिक कर लेगी, तो वह उसके साथ शादी कर लेगा। पीडि़ता के अनुसार, मुन्ना ने दोनों के संबंध के बारे में किसी को कुछ भी बताने से मना भी किया था। बावजूद इसके पीडि़ता ने अपने प्रेम संबंध के बारे में परिवार को बताया। पीडि़ता की मां के अनुसार, चूंकि मुन्ना ने शादी का वादा किया था, इसलिए संथाली परंपरा के अनुसार दोनों को उन्होंने मिलने से भी नहीं रोका। लेकिन, जब गांव के लोगों से पता चला कि मुन्ना मरांडी की शादी किसी और लड़की से हो रही है, तब पीडि़ता ने आवाज उठाई। पीडि़ता का कहना है कि थाने में भी उनकी नहीं सुनी गई। इसके बाद उसने कोडरमा कोर्ट में शिकायतवाद दर्ज कराया।

एक लड़की के इन्कार पर खोजी दूसरी लड़की

गौरतलब है कि 23 जून को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के बेटे मुन्ना पर एक लड़की ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसी कारण जिस लड़की से ताला मरांडी के बेटे की शादी होनी थी, उसने शादी से इन्कार कर दिया था। बाद में आनन फानन में जिस लड़की से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अपने बेटे का विवाह रचाया, उसके नाबालिग होने की चर्चा अब तेज हो रही है।

कांग्रेस का महिला आयोग को खत

सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल ब्रांच ने इस बाबत एक रिपोर्ट भेजी है। उधर गोड्डा जिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपिका पांडेय ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा महुआ माजी को पत्र लिखकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी के बेटे की शादी की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। पत्र में लिखा है कि शादी टूटने से आहत मरांडी परिवार ने रातो-रात जिस लड़की को शादी के लिए ढूंढ निकाला, वह स्कूल जाने वाली बच्ची है।

प्रीतिभोज में पहुंचे मंत्री व कई विधायक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी के प्रीतिभोज में कई विधायक व मंत्री ने शिरकत की। इनमें समाज कल्याण मंत्री डॉ। लुइस मरांडी, मंत्री राज पलिवार, राजमहल विधायक अनंत ओझा, देवघर विधायक नारायण दास, बोकारो विधायक विरंची नारायण, महागामा विधायक अशोक भगत, गोड्डा विधायक अमित मंडल, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा आदि प्रमुख थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास के आने की भी चर्चा थी।

स्पेशल ब्रांच ने नहीं दी रिपोर्ट

ताला मरांडी की पुत्रवधू के नाबालिग होने के मामले में राज्य पुलिस के स्पेशल ब्रांच ने कोई रिपोर्ट राज्य सरकार को नहीं सौंपी है। स्पेशल ब्रांच के अपर पुलिस महानिदेशक सह झारखंड पुलिस के मुख्य प्रवक्ता अनुराग गुप्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट सौंपने की बात निराधार है। इसका तथ्य से कोई लेनादेना नहीं है।

Posted By: Inextlive