रांची :भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस ने अपनी स्ट्रेटजी में बदलाव किया है। अब वह झारखंड को अशांत करने के लिए कुछ तथाकथित सामाजिक संगठनों को आगे कर रही है। प्रतुल ने कहा कि हाल में डोरंडा और मेन रोड में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश के पीछे कुछ कांग्रेस समर्थित सामाजिक संगठन और कांग्रेस के एक बड़े अल्पसंख्यक नेता का सीधा हाथ था। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस ने इन सामाजिक संगठनों को आगे करके माहौल को खराब करने की कोशिश की थी। यह उसके तुष्टिकरण की पुरानी नीति के अंतर्गत किया गया कार्य था। हद तो तब हो गई जब कांग्रेस के नेताओं ने ना सिर्फ भीड़ को उकसाने का कार्य किया, बल्कि तोड़फोड़ भी की। डोरंडा थाने में कांड संख्या 228-19 में इन कांग्रेसी नेताओं के नाम प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

देश विरोधी संगठनों को बढ़ावा

इसी तरह खूंटी में पत्थलगड़ी को वीभत्स तरीके से परिभाषित करके आंदोलन करने वाले देश तोड़क सामाजिक संगठनों को फिर से कांग्रेस आगे करना चाह रही है। उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में ही स्पष्ट हो गया था कि ये सामाजिक संगठन कांग्रेस के साथ खुलकर हैं। एक बार फिर खूंटी में कांग्रेस ने खुद को पीछे रखते हुए इन देश विरोधी सामाजिक संगठनों को आगे कर क्षेत्र को अशांत करने की कोशिश की है।

तुष्टीकरण का कार्ड खेल रही कांग्रेस

उन्होंने रघुवर सरकार के कार्यकाल में इन तरीकों की चीजों को बर्दाशत नहीं किया जाता है। कुछ वर्ष पूर्व जब राजधानी रांची को शांत करने की कोशिश हुई थी तब मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद सड़कों पर उतरे थे और अल्पसंख्यक-बहुसंख्यक सभी मोहल्ले में जाकर लोगों को शांत रहने की अपील की थी।

Posted By: Inextlive