वरुण गांधी के आगमन पर सर्किट हाउस में फैली अराजकता

टूटे गमले और खिड़की के कांच, किनारे हुए सुरक्षाकर्मी

ALLAHABAD: फायर ब्रांड नेता वरुण गांधी के आगमन पर भाजपा का अनुशासन तार-तार हो गया। कार्यकर्ताओं के अति उत्साह के आगे सर्किट हाउस में तैनात सुरक्षाकर्मियों को किनारा थामना पड़ा। इस बीच गमले और खिड़की के कांच चकनाचूर हो गए। धक्का-मुक्की के बीच कई कार्यकर्ता चोटिल भी हुए। हालात को देखते हुए भाजपा नेताओं ने चुप्पी साधने में ही भलाई समझी।

एक झलक पाने को बेताब रहे

दूसरों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अजीबो-गरीब नजीर पेश की। कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस पहुंचे सुल्तानपुर सांसद वरुण गांधी की अगवानी में सभी सीमाएं तोड़ दीं। सांसद की एक झलक पाने के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके चलते सर्किट हाउस के प्रवेश द्वारा पर रखा गमला गिरकर टूट गया। इसके बाद सामने वाले हॉल की खिड़की से कार्यकर्ताओं ने घुसने की कोशिश की। जिससे खिड़की पर लगा कांच चकनाचूर हो गया और इससे एक कार्यकर्ता घायल हो गया। इससे वहां खून फैल गया।

आखिर में चौकन्ने हुए सुरक्षाकर्मी

एक बार तो लगा कि वरुण गांधी खुद कार्यकर्ताओं की मनमानी से नाराज हो जाएंगे लेकिन ऐन वक्त पर सुरक्षाकर्मियों ने कमान संभाल ली। उन्होंने वरुण को अपने सुरक्षा घेरे में लेकर सर्किट हाउस के कमरे में पहुंचाया और कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान कमरे के बाद घंटों भारी भीड़ जमा रही। लोग अपने नेता से मिलने को बेताब नजर आए। इसके पहले वरुण गांधी ने सर्किट हाउस के गार्डेन में कार्यकर्ताओं से बात करने की कोशिश की लेकिन उनकी मनमानी के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। इस बीच सुरक्षा के लिए तैनात एक पुलिस अधिकारी का बैज भी कार्यकर्ताओं ने नोच लिया। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।

Posted By: Inextlive