ड्रग्स केस में गिरफ्तार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को जमानत मिल गई है। बाम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को आर्यन के हक में फैसला सुनाया।

मुंबई (पीटीआई)। बाॅलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को जमानत मिल गई है। गुरुवार को बाम्बे हाई कोर्ट ने आर्यन के हक में फैसला सुनाया। आर्यन खान को मुंबई तट पर एक क्रूज जहाज पर प्रतिबंधित दवाओं की जब्ती के मामले में गिरफ्तारी के 20 दिन बाद जमानत मिली है। न्यायमूर्ति एन डब्ल्यू साम्ब्रे की एकल पीठ ने उनके सह-आरोपी अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को भी जमानत दे दी।

कल शाम तक आएगा आदेश
न्यायमूर्ति साम्ब्रे ने कहा, "तीनों याचिकाओं को स्वीकार किया जाता है। मैं कल शाम तक विस्तृत आदेश पारित करूंगा।" आर्यन खान के अधिवक्ताओं ने तब नकद जमानत जमा करने की अनुमति मांगी, जिस पर अदालत ने इनकार कर दिया और कहा कि जमानत अभी दी जानी है। न्यायमूर्ति साम्ब्रे ने कहा, "मैं कल भी आदेश दे सकता था। लेकिन मैंने आज दिया।"

रिहाई की औपचारिकताएं होंगी पूरी
23 वर्षीय आर्यन खान की कानूनी टीम शुक्रवार तक आर्यन की रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने की कोशिश करेगी। आर्यन खान, मर्चेंट और धमेचा को 3 अक्टूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार किया गया था और प्रतिबंधित दवाओं के कब्जे, खपत, बिक्री / खरीद, साजिश और उकसाने के लिए नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari