- परिजनों को घर से दो किलोमीटर दूर सड़क पर मिला

- निजी हॉस्पिटल में चिंताजनक बनी हुई है हालत

आगरा। थाना मलपुरा के धनौली में अज्ञात हमलावरों ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। युवक घर से दवा लेने के लिए निकला था। न लौटने पर परिजनों ने तलाश की। गंभीर अवस्था में दिल्ली गेट स्थित हॉस्पिटल में एडमिट कराया। लूटपाट नहीं हुई है, लेकिन पर्स से पांच सौ के नोट गायब हैं। परिजनों ने किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है।

पिता के साथ करता है काम

नगला भगत धनौली मलपुरा निवासी 20 वर्षीय सनी पुत्र अशोक कुमार के पिता बिल्डिंग ठेकेदार हैं। सनी पिता के साथ उनके काम में हाथ बटा रहा था। सनी के बड़े भाई मनोज बेंगलुरु में इंजीनियर हैं। छोटा भाई राजा घर पर ही रहता है। बड़ी बहन मनोरमा दिल्ली से सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। दो छोटी बहन निक्की व शालू यहां पर पढ़ाई कर रही हैं। चाचा राजू गांव के प्रधान हैं। चाचा के मुताबिक सनी की मां गीता व बहन की तबियत खराब है। सोमवार शाम सात बजे वह बाइक लेकर घर से दवा लाने के लिए निकला था। घर से 200 मीटर की दूरी पर मेडिकल की दुकान है। वह आठ बजे तक नहीं लौटा। फोन करने पर मोबाइल नहीं उठाया।

देर रात सड़क पर मिला घायल

परिजनों ने रिश्तेदारी में पता किया, लेकिन वह वहां भी नहीं गया था। रात में ही परिवारीजन ग्रामीणों के साथ वाहनों से उसकी तलाश में निकल पड़े। चाचा के मुताबिक रात में डेढ़ बजे वह घर से दो किलोमीटर दूर केडीएस डिग्री कॉलेज रोड पर घायलावस्था में पड़ा मिला। उसकी बाइक वहीं पर खड़ी थी। हमलावरों ने एक गोली उसके पेट में मारी जो पार हो गई और दूसरी गोली उसके सीने में मारी। परिजनों ने उसे उपचार के लिए दिल्ली गेट स्थित निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया।

पांच सौ के नौट नहीं मिले

चाचा के मुताबिक गांव में परिवार का किसी से कोई झगड़ा नहीं है। न ही कभी किसी से कोई विवाद हुआ है। मौके पर ग्रामीणों का कहना था कि रात आठ बजे उन्होंने फायरिंग की आवाज सुनी थी। परिजनों का कहना था कि उसका मोबाइल और पर्स मिल गया है, लेकिन पर्स में मात्र सौ रुपये ही हैं। उसके पास पांच सौ के नोट अलग थे, जो नहीं मिले। हॉस्पिटल में छात्र की हालत सीरियस बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक सीने में लगी गोली रीढ़ की हड्डी में फंस गई है।

Posted By: Inextlive