पानी देने में जल संस्थान हुआ फेल

ताज सिटी में पानी के लिए घमासान

सर्दी में 'पानी' ने निकाला पसीना

आगरा। ताजमहल भले ही विश्व में नंबर वन के पायदान पर काबिज हो गया हो, लेकिन ताज सिटी में पानी के लिए हा-हाकार मचा हुआ है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि लोगों ने पानी के लिए लाठी तक हाथ में उठा ली हैं। नगर निगम और जल संस्थान के आला अधिकारी आगराइट्स को पानी भी नसीब नहीं करा पा रहे हैं।

नगला पदी में बरसीं लाठियां

पिछले दस दिनों से पानी के लिए तरस रहे नगला पदी के लोगों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। पानी भरने के लिए महिलाएं हाथों में लाठियां तक ले आई। स्थित यह हुई कि पानी भरने को लेकर लोगों ने एक दूसरे पर लाठियां भांज दी।

साहब कुछ तो रहम करो।

पानी के लिए तरस रहे लोगों ने कई बार संबधित अधिकारियों से पानी की गुहार लगाई। कई लोग तो जल संस्थान तक पहुंच गए जहां उन्होंने अपने क्षेत्र में पानी भिजवाने की गुहार लगाई। इसके बाद भी लोगों को पानी नसीब नहीं हो पा रहा है।

आज आ सकता है पानी

जल संस्थान के अधिकारियों की मानें तो पानी की स्थिति को सुधारने का कार्य चल रहा है। गुरुवार शाम तक पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। बुधवार रात तक डेमेज पाइप को ठीक कर दिया जाएगा।

सिटी में हुई 211 टैंकर की सप्लाई

जल संस्थान द्वारा सिटी में अब तक 211 टैंकर पानी की सप्लाई की जा चुकी है। इसके बाद भी लोगों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। स्थिति अब यहां तक पहुंच गई है कि लोगों को नहाने और कपड़े धोने के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है।

Posted By: Inextlive