केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा के साथ भविष्य की रणनीति होगी तय

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को मोदी देंगे सुशासन का मंत्र

ALLAHABAD: भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दौरान यूपी समेत पांच राज्यों का चुनाव मुख्य मुद्दा रहेगा। भाजपा और एनडीए शासित 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा कर भाजपा भविष्य का रोडमैप तैयार करेगी। केंद्रीय योजनाओं की उपलब्धियों को लेकर गहन मंथन होगा तो विदेश नीति, वैश्रि्वक आर्थिक संकट आदि प्रमुख विषयों पर भाजपा अपनी रणनीति स्पष्ट करेगी। रविवार सुबह होटल कान्हा श्याम में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान पार्टी अपने विस्तार की दिशा पर चर्चा करेगी तो शाम को केपी ग्राउंड में राष्ट्रीय कार्यकारिणी का उद्घाटन सत्र देश की समकालीन राजनीतिक परिस्थितियों पर भाजपा की सोच को उजागर करेगा।

पांच राज्यों पर नजर

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से एक दिन पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा समेत पांच राज्यों के चुनाव भाजपा का अगला लक्ष्य हैं। इसको लेकर पार्टी के समस्त प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कार्यकारिणी सदस्य मंथन कर जीत का रोडमैप तैयार करेंगे। वहीं जिन राज्यों के चुनाव में भाजपा को बेहतर परिणाम हासिल नहीं हुए, वहां पार्टी अपनी गतिविधियों को बढ़ाने पर चर्चा करेगी। नये सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। तीन प्रस्ताव भी तैयार होंगे जिन्हें कार्यकारिणी में पारित किया जाएगा।

कानून-व्यवस्था पर भी होगी चर्चा

कार्यकारिणी की बैठक में यूपी चुनाव को लेकर गहन मंथन होने की संभावना है। बकौल भूपेन्द्र सूबे की कानून-व्यवस्था समेत कई मामलों को लेकर पार्टी अपनी रणनीति तय करेगी। पार्टी ने पूर्वी तट के सात राज्यों में अपना विस्तार किया है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए है। इसे आधार बनाकर देश भर में सुशासन को अपनी ताकत के रूप में पेश करके पार्टी का विस्तार किया जाना है। संगठन के मामलों को लेकर भी पार्टी फोरम पर चर्चा होरी है। वहीं पिछले दो सालों के केंद्र सरकार के कार्यकाल का अंदरूनी आकलन भी किया जाएगा।

परिचय दीजिए, लीजिए सुशासन का मूलमंत्र

कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी की मौजूदगी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए सुखदायी साबित होने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने बताया कि मोदी मंच से इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का परिचय पदाधिकारियों से कराएंगे और उन्हें सुशासन का मूलमंत्र देंगे। इस मौके पर असम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सबानंद सोनोवाल को विशेष तौर पर पदाधिकारियों से रूबरू कराया जाएगा। पार्टी महासचिव ने कहा कि प्रतिकूल मानसून और विपक्षी दलों की विक्षिप्त मानसिकता के बीच पिछले दो साल में मोदी ने देश में सुशासन का बेहतर उदाहरण पेश किया है। उन्होंने नवाचार और मौलिक विषयों के धरातल पर विकास का उददेश्य प्राप्त किया है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रयाग नगरी देश की एकता और अखंडता के अनोखे संगम की गवाह बनेगी। केपी कम्युनिटी के विशाल मीडिया सेंटर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा, मीडिया सेंटर के प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक, काशी प्रांत के प्रवक्ता संजय भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।

बॉक्स

23 जून से छह जुलाई तक चलेगा अभियान

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष भाजपा की ओर से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा जनता से संपर्क अभियान चलाया जाता है। इस बार 23 जून से छह जुलाई के बीच पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस के मौके पर यह अभियान चलाकर जनता को सरकार की उपलब्धियों से परिचित कराया जाएगा। जिसमें 'अंत्योदय से ग्रामोदय' और विकास पर्व अभियान की सफलता पर भी चर्चा की जानी है। साथ ही मार्च में दिल्ली में हुई कार्यकारिणी की बैठक में पास हुए प्रस्तावों की सफलता की समीक्षा भी होगी।

Posted By: Inextlive