- शराब के नशे में दूल्हे ने दुल्हन के पिता, भाई की कर दी पिटाई

- मारपीट की जानकारी होने पर दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार

- गगहा क्षेत्र के गरयाकोल गांव का मामला, लड़के वाले लौटाएंगे खर्च की राशि

GAGHA:

गगहा थाना क्षेत्र के गरयाकोल गांव में रविवार की रात गौने की बारात आई थी। रात में दूल्हे ने शराब पी ली और नशे में अपने ससुर व साले की पिटाई कर दी। इस बात की जानकारी जब दुल्हन को हुई तो वह पिता और भाई की पिटाई से नाराज हो गई। उसने शराबी पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। सोमवार को सुबह तक दोनों पक्ष में समझौता होता रहा लेकिन लड़की मानने को तैयार नहीं थी। इसके बाद शादी तोड़नी पड़ी। लड़के वालों ने एक माह के अंदर शादी के खर्च की राशि वापस करने की बात कबूल की।

बंधे पर जाकर पी शराब

देवरिया जिले के रूद्रपुर थाना के लुअठही निवासी शैलेश तिवारी के बेटे अश्वनी तिवारी की शादी गगहा थाना क्षेत्र के ही गरयाकोल निवासी राजेश तिवारी की बेटी से हुई है। रविवार की रात गौने की बारात बाई थी। शाम में नाश्ते के बाद रात में बारातियों ने भोजन किया। इस दौरान किसी रस्म को पूरा करने के लिए लड़की वाले दूल्हा को ढूंढने लगे। पता चला कि वह गांव के किनारे बंधे पर दिखा है। वहां जाकर वह शराब पी रहा था।

ससुर को पीटा

राजेश तिवारी गांव के बंधे पर गए तो देखा कि गाड़ी के साथ दूल्हा अश्वनी संग कुछ लड़के वहां पहुंचे थे। वे शराब पी रहे थे। किसी तरह समझा-बुझाकर राजेश अश्वनी को अपने साथ लेकर आए। इसके बाद बारात राजेश ने अश्वनी को घर चलकर खाना खाने के लिए कहा। वह नहीं जा रहा था। राजेश ने कई बार कहा तो वह गुस्सा गया और नशे में ससुर की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने साला पहुंचा तो उसे भी पीट दिया। शादी न टूटे, इस डर से लड़की के पिता और भाई चुप रह गए।

दुल्हन को पता चल गई बात

देर रात भाई और पिता के पिटने की सूचना किसी तरह दुल्हन को मिल गई। साथ ही यह भी पता चला कि दूल्हे ने शराब पी रखी है। दुल्हन ने घर वालों से कहा कि वे शादी से मना कर दें। घर वाले लड़की को समझाते रहे लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी गई। मौके पर पहुंची गगहा पुलिस नशे में धुत दूल्हे को थाने उठा ले गई। रातभर दोनों पक्षों में बात होती रही। पुलिस ने भी प्रयास किया लेकिन लड़की अडिग थी। इसके बाद घर वालों को झुकना पड़ा।

पिता, भाई के सम्मान के लिए तोड़ा रिश्ता

दूल्हन का कहना था कि उसके पिता और भाई के सम्मान से बढ़कर उसकी शादी नहीं है। वह किसी भी सूरत में लड़के के साथ नहीं जाएगी। इसके बाद लड़की वालों ने फाइनली शादी तोड़ दी। शादी में खर्च एक लाख 25 हजार रुपए, चढ़ावे के सामान, आभूषण आदि लड़के के पिता ने एक माह के अंदर देना स्वीकार किया।

Posted By: Inextlive