दक्षिण कोलकाता माजेरहाट इलाके में एक पुल गिर गया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गर्इ है। वहीं इसमें कर्इ वाहन दब गए हैं। यहां राहत व बचाव कार्य जारी है।

कोलकाता (पीटीआई)। कोलकाता के दक्षिणी क्षेत्र 50 साल पुराने माजेरहाट पुल का एक हिस्सा कल मंगलवार शाम को ढह गया था। माजेरहाट पुल दक्षिण 24 परगना जिले के विस्तारित क्षेत्र को शहर से जोड़ता है। हादसे के तुंरत बाद से यहां राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो गया था। यहां मलबे में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए पूरी रात तलाश अभियान जारी रहा। पुल की कंक्रीट स्लैब को ड्रिल के जरिए हटाकर सुबह भी लोगों की तलाश की जा रही है।

कहीं कोई भी मलबे में दबा तो नहीं
इसके अलावा अत्याधुनिक कैमरों और खोजी कुत्तों की मदद से भी यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि कहीं कोई भी मलबे के नीचे दबा तो नहीं है। अधिकारियों की मानें तो पुल का एक हिस्सा ढह जाने से 27 वर्षीय सौमेंदू बैग की मौत हो गई थी। वहीं तीन महिलाओं सहित 21 अन्य घायल हो गए थे। सभी घायलों का इलाज शहर के एक अस्पताल में हो रहा है।  इसके अलावा यहां कई वाहन पुल के मलबे में दब गए थे।

पूरी रात तलाश अभियान चलाया गया
क्रेन की मदद से यहां एक मिनी बस, चार कारें और कुछ मोटरसाइकिलों को शाम को मलबे के नीचे से निकाला गया। कोलकाता आपदा प्रबंधन विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य अग्निशमन विभाग ने पूरी रात तलाश अभियान चलाया गया। अधिकारियों का यह भी कहना है कि दुर्घटना स्थल के नजदीक ही मेट्रो रेलवे परियोजना का काम चल रहा था। मेट्रो परियोजना में काम कर रहे श्रमिकों का दावा है कि उनके दो सहकर्मी लापता हैं।

दोषीयों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी
कहा जा रहा है कि ये लापता व्यक्ति पुल के नीचे स्थित एक अस्थायी आशियाना बनाकर रहते थे। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री  ममता बर्नजी ने  कहा, पुल के ढहने के कारणों का पता लगाया जाएगा। मुख्य सचिव मलय डे की अगुवाई में एक समिति जांच करेगी। दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हादसे के वक्त मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दार्जिलिंग में थी। उनके आज शहर लौटने और घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है।
आई नेक्स्ट ने पहले ही किया था आगाह

मुंबई में बारिश से गिरा अंधेरी स्टेशन पर पुल, लगा जाम जनजीवन बेहाल

 

Posted By: Shweta Mishra